जूनियर हॉकी विश्वकप : हालैंड ने मलेशिया को 7-2 से हराया

Samachar Jagat | Saturday, 10 Dec 2016 02:54:09 AM
Malaysia junior hockey team goes down 7-2 to Holland

लखनऊ। हालैंड ने निर्मम प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को जूनियर विश्वकप हॉकी टूर्नामेंट के पूल बी मुकाबले में शुक्रवार को 7-2 के बड़े अंतर से रौंद दिया जबकि गत चैंपियन जर्मनी ने खिताबी हैट्रिक के लिए अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए न्यूजीलैंड को पूल सी में 2-1 से हराकर अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

दिन के अन्य मैचों में पूल ए में अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया का मुकाबला 1-1 से बराबर छूटा। पूल बी में बेल्जियम ने मिस्र को 4-0 से रौंद दिया। पूल सी में स्पेन ने अपनी पिछली हार से उबरते हुए जापान को 4-1 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की।

हालैंड ने तूफानी खेल का प्रदर्शन करते हुए 49वें मिनट तक 6-0 की बढ़त बना ली थी। हालैंड के लिए तिस वान डैम ने 19वें, थियरी ब्रिंकमैन ने 29वें, ब्रैम वान ग्रोसेन ने 33वें, टेरेंस पीटर्स ने 40वें, डेनियल आर्टस ने 44वें और जोरिट क्रून ने 49वें मिनट में गोल कर हालैंड को 6-0 से आगे कर दिया।

मोहम्मद जैदी ने 59वें मिनट में मलेशिया का पहला गोल किया। वान ग्रोसेन ने 63वें मिनट में हालैंड का सातवां गोल दागा। एमिरोल अरशद ने 65वें मिनट में मलेशिया का दूसरा गोल कर हार का अंतर घटाया।

चैंपियन जर्मनी ने कल स्पेन को 2-1 से हराया था और न्यूजीलैंड को भी उसने 2-1 के अंतर से पराजित किया।

जर्मनी को न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। न्यूजीलैंड ने चौथे ही मिनट में सैम लेन के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से 1-0 की बढ़त बना ली।

जर्मनी ने वापसी करते हुए दो मैदानी गोलों की बदौलत जीत अपने नाम की। टिम हर्जब्रर्क ने 24वें मिनट में जर्मनी के लिए बराबरी का गोल दागा और एंटन बोकेल ने 51वें मिनट में मैच विजयी गोल दागा।

अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा। अर्जेंटीना के लिए टॉमस डोमैन ने 47वें और ऑस्ट्रिया के ओलिवर बिंडेर ने 63वें मिनट में गोल किए।

बेल्जियम की मिस्र के खिलाफ 4-0 की जीत में फिलिप सिमर ने 18वें, हेनरी रेस ने 27वें,एलेक्जेंडर वान ने 46वें और एलेक्सिस लिमाएर ने 60वें मिनट में गोल किए।

स्पेन की जापान पर 4-1 की जीत में लुकास गार्सिया ने 24वें और 37वें मिनट में दो गोल किए जबकि मार्क सीराहिमा ने आठवें और पाब्लो एबाडेल ने 25वें मिनट में गोल किए। जापान का एकमात्र गोल अत्सुशी सुगियामा ने 48वें मिनट में किया।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.