हैप्पी बर्थडे: दोहरे व्यक्तिगत ओलंपिक पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय हैं सुशील

Samachar Jagat | Friday, 26 May 2017 02:52:49 PM
Indian wrestler Sushil Kumar's birthday today

नई दिल्ली। भारत कुश्ती में नए आयाम स्थापित करने वाले दिग्गज पहलवान सुशील कुमार आज 34 साल के हो गए। भारत के एकमात्र दोहरे व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार का जन्म आज की तारीख यानी 26 मई 1983 को नजफगढ़ के पास बारपोला गांव में हुआ था। 

राजीव गांधी खेल रत्न विजेता सुशील ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य और 2012 लंदन ओलंपिक में भारत के लिए रजत पदक जीता। इसके अलावा महाबली सतपाल से पहलवानी के गुर सीखने वाले सुशील 2010 और 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं। सुशील 2010 विश्व चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे।

उन्होंने 14 साल की उम्र से ही पहलवानी शुरू कर दी थी। उनकी शादी 2011 में महाबली सतपाल की पुत्री सावी से हुई थी।
सुशील को वर्ष 2005 में अर्जुन पुरस्कार, वर्ष 2009 में राजीव गांधी खेल रत्न और वर्ष 2011 में पद्म श्री जैसे देश के उच्च सम्मानों से नवाजा जा चुका है। 

खेल मंत्री सहित कई दिग्गजों ने दी बधाई:

खेल मंत्री विजय गोयल ने सोशल मीडिया पर सुशील को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि सुशील कुमार को जन्मदिवस की बधाई। ईश्वर से आपके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की मंगलकामना करता हूं। सदा युवाओं को प्रेरित करते रहें।

सतपाल ने लिखा कि मेरे सबसे प्रिय शार्गिद एवं दामाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं। भगवान आपको बहुत सफलता दे और आगे आना वाला आपका जीवन भी बेहतरीन हो और हमारे देश को आप ख्याति दिलाएं, जैसा कि आप हमेशा करते आएं हैं। मेरा आशीर्वाद और शुभकामनाएं आपके साथ हैं। कड़ी मेहनत करते रहें। जन्मदिन मुबारक हो।

भारत के स्टार मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने सुशील के साथ एक तस्वीर साझा की और लिखा कि जन्मदिन मुबारक हो भाई।

भारतीय ओलंपिक संघ के आधिकारिक ट्विटर पेज ने भी सुशील की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि आईओए दल की ओर से ओलंपिक रजत और कांस्य पदक विजेता एवं पद्म श्री से सम्मानित सुशील को जन्मदिन की बधाई।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.