पूर्व जूनियर विश्व चैम्पियन निखत का पहला राष्ट्रीय सीनियर पदक पक्का

Samachar Jagat | Wednesday, 23 Nov 2016 02:44:18 AM
Former junior world champ Nikhat assured of maiden senior national medal

हरिद्वार। पूर्व विश्व जूनियर चैम्पियन निखत जरीन ने मंगलवार को यहां सेमीफाइनल में जगह बनाई जिससे सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में उनका पहला पदक पक्का हुआ।

तेलंगाना की फ्लाइवेट 51 किग्रा मुक्केबाज निखत ने एकतरफा मुकाबले में असम की मंजू बासूमैत्री को 3-0 से हराया। वह अगले दौर में हरियाणा की नीरजा से भिड़ेंगी जिन्होंने मणिपुर की याइसाना चानू को 3-0 से शिकस्त दी।

विश्व चैम्पियनशिप की पूर्व रजत पदक विजेता सरजूबाला देवी भी पदक दौर में जगह बनाने में सफल रही। मणिपुर की सरजूबाला ने दिल्ली की पूजा टोकस को बेहद कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया।

इस कड़े मुकाबले के बाद जब रैफरी ने सरजूबाला को विजेता घोषित किया तो पूजा रोने लगी। सरजूबाला अगले दौर में रेलवे खेल संवद्र्धन बोर्ड की राजेश नरवाल से भिड़ेंगी। राजेश ने एकतरफा मुकाबले में केरल की मारिया थामस को 3-0 से हराया।

विश्व चैम्पियनशिप की एक अन्य पूर्व रजत पदक विजेता हरियाणा की सवीती बूरा 81 किग्रा ने उत्तराखंड की बाबिता बसेरा को दूसरे राउंड में तकनीकी नाकआउट के जरिए हराया।

सवीती अगले दौर में रेलवे खेल संवद्र्धन बोर्ड की भगवती के से भिड़ेंगी जिन्होंने हिमाचल प्रदेश की प्रतिभा को हराया।

विश्व चैम्पियनशिप की दो बार की रजत पदक विजेता हरियाणा की कविता चहल के अलावा एशियाई खेलों की पूर्व कांस्य पदक विजेता अखिल भारतीय पुलिस की कविता गोयत 75 किग्रा भी पदक दौर में जगह बनाने में सफल रही।

एशियाई चैम्पियनशिप की पूर्व रजत पदक विजेता पवित्रा 64 किग्रा हालांकि उलटफेर का शिकार हो गई। रेलवे खेल संवद्र्धन बोर्ड की पवित्रा को पंजाब की सिमरनजीत कौर ने कड़े मुकाबले में 2-1 से हराया।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.