जोकोविक के नम्बर वन बनने पर संदेह: पिलिच

Samachar Jagat | Sunday, 05 Mar 2017 06:55:22 PM
Djokovic to become the number one suspect: Pilic

बेलग्राद। विश्व के दूसरे नंबर के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक के पूर्व मेेंटर निकी पिलिच ने सर्बियाई खिलाड़ी के खराब प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें अब संदेह कि वह कभी वापस नंबर वन बन पाएंगे।

पिलिच ने कहा कि अब जोकोविक में पहले जैसी जीत की ललक नहीं दिखाई देती है। वह अपने खेल के प्रति गंभीर भी नहीं दिखाई दे रहे हैं। म्युनिख अकादमी में सर्बियाई खिलाड़ी के मेंटर रहे पिलिच ने कहा जोकोविक के एक समय 16950 अंक थे, जिन्हें दोबारा हासिल करना जोकोविक के लिए आसान नहीं है।

उनकी फार्म में लगातार गिरावट आई। गत वर्ष जून में जोकोविक लगातार नंबर वन बने हुए थे और उनके आसपास उस समय कोई अन्य टेनिस खिलाड़ी दिखाई नहीं दे रहा था। जब जोकोविक ने 12वां ग्रैंड स्लेम जीता था। इसके बाद नवंबर में ही ब्रिटेन के एंडी मरे ने जोकोविक से शीर्ष स्थान छीना था। मरे ने जोकोविक को एटीपी वल्र्ड टूर फाइनल्स में भी हराया था।

हालांकि 29 वर्षीय जोकोविक नेे फिर कतर ओपन फाइनल में मरे को हराकर इसका बदला भी ले लिया। इसके बाद इस वर्ष पहले ग्रैंड स्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे ही दौर में बाहर हो गए। वहीं हाल ही में उन्हें एटीपी टूर्नामेंट एकापुल्को के क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इस खराब प्रदर्शन को पिलिच ने जोकोविक की लगातार गिरती फार्म का नतीजा बताया है। पूर्व कोच ने जोकोविक को अपने प्रदर्शन में सुधार के लिए दिन-रात मेहनत करने की सलाह दी है।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.