राजकोट टेस्ट: कुक का 30वां शतक, इंग्लैंड को 260 रन की बढ़त

Samachar Jagat | Sunday, 13 Nov 2016 01:10:14 PM
Alastair Cook made hundred against india in rajkot test

राजकोट। 30वें शतक की बदौलत इंग्लैंड ने पहले क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन लंच तक अपनी कुल बढ़त को 260 रन तक पहुंचा दिया। पहली पारी में सिर्फ एक विकेट चटकाने वाले अमित मिश्रा ने अपने पहले दो ओवरों में सलामी बल्लेबाज हसीब हमीद 82 और जो रूट को पवेलियन भेजा।

कप्तान कुक ने हालांकि एक छोर संभाले रखा और अपने 136वें टेस्ट में 30वां शतक जड़ा। यह भारत के खिलाफ उनका छठा और भारत में पांचवां शतक है। वह भारतीय सरजमीं पर सबसे अधिक शतक जडऩे वाले विदेशी बल्लेबाज हैं।

मैच में शतक जडऩे वाले कुल छठे और इंग्लैंड के चौथे बल्लेबाज बने कुक 208 गेंद में 106 रन बनाकर खेल रहे हैं जिससे इंग्लैंड ने दो विकेट पर 211 रन बनाए हैं। बेन स्टोक्स छह रन बनाकर खेल रहे हैं। 

इंग्लैंड ने सुबह 29 ओवर में 97 रन जोड़े। अब दो सत्र का खेल बाकी है जिससे मैच ड्रा की ओर बढ़ता लग रहा है। इंग्लैंड ने सुबह धीमी बल्लेबाजी की लेकिन पहले सत्र के अंत में तेजी से रन बटोरे। मिश्रा ने सलामी बल्लेबाज हसीब हमीद को अपनी ही गेंद पर लपककर भारत को पहली सफलता दिलाई। 

भारतीय मूल का यह 19 साल का बल्लेबाज पदार्पण करते हुए 82 रन बनाकर पवेलियन लौटा और शतक से चूक गया। उन्होंने 177 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का मारा। हमीद ने कुक के साथ पहले विकेट के लिए 180 रन जोड़े।

रूट भी इसके बाद मिश्रा की गेंद को हवा में लहरा गए और विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने आसान कैच लपका।
इंग्लैंड ने सुबह धीमी बल्लेबाजी की। कुक ने 122 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। अश्विन ने सुबह नौ ओवर में स्पैल में सिर्फ 17 रन दिए। 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.