Holi special recipes : होली पर बनाएं ये 5 तरह के व्यंजन

Samachar Jagat | Friday, 10 Mar 2017 04:15:07 PM
Holi special recipes Make these 5 types of dishes on Holi

होली के अवसर पर कई तरह के व्यंजन घर में बनाए जाते हैं। ऐसे में अगर आप कुछ अलग बनाना चाहती हैं तो इन व्यंजनों को बना सकती हैं यहां हम आपको इन पांच तरह के होली पर बनाए जाने वाले व्यंजनों की रेसिपी बताने जा रहे हैं जो इस प्रकार है....

होली पर बनाएं गुझिया :-

उत्तर भारत में होली के अवसर पर गुझिया बनाई जाती है यह एक पारम्परिक मिठाई है। अपने सोंधेपन के कारण यह बच्चों और बड़ों सभी को पसंद आती है। इसे बनाना बहुत ही आसान है। गुझिया बनाने की विधि...

सामग्री :-

गुझिया में भरने के लिए सामग्री

मावा (खोया)-400 ग्राम
चीनी-400 ग्राम (पिसी हुई)
सूजी-100 ग्राम
सूखा नारियल-100 ग्राम
काजू-100 ग्राम (महीन कतरे हुए)
किशमिश-50 ग्राम (डंठल रहित)
घी-02 बड़े चम्मच
छोटी इलाइची-08 (छील कर कूटी हुई)

गुझिया का आटा तैयार करने के लिए :-

मैदा-500 ग्राम
दूध-50 ग्राम
घी-125 ग्राम (आटा में डालने के लिए)
घी-गुझिया तलने के लिए

विधि :-

सबसे पहले गुझिया में भरने के लिए भरावन तैयार करें। उसके लिए एक भारी तले की कढ़ाई लें और उसमें मावे को हल्का भूरा होने तक भून लें और उसे एक अलग बर्तन में निकाल लें।

उसके बाद कढ़ाई में घी डालें और सूजी डाल कर उसे भी हल्का ब्राउन होने तक भून लें। भुन जाने पर सूजी को भी एक अलग बर्तन में निकाल लें। अब मावा, सूजी, चीनी और मेवों को अच्छी तरह से मिला लें। आपकी भरावन सामग्री बनकर तैयार है।

घी को पिघलाकर छने हुए मैदा में डालकर अच्छी तरह से मिला लें। उसके बाद दूध को भी आटे में मिला दें और उसके बाद पर्याप्त मात्रा में पानी डालकर थोड़ा कड़ा आटा गूथ लें। गुथे हुए आटे को एक बर्तन में रख दें और उसे गीले कपड़े से ढ़क कर आधे घंटे के लिए रख दें।

आधे घंटे के बाद आटे को खोलें और उसे एक बार वापस हल्के हाथों से गूंथ लें। उसके बाद उसकी छोटी-छोटी लोई बना लें। ये लोइयां सूखकर कड़ी न हो जाएं, इसलिए यदि जरूरी समझें तो इन्हें गीले कपड़े से ढक दें।

उसके बाद एक-एक लोई लें और उसे पूरी की शक्ल में बेल लें। इसके बाद एक-एक पूरी को उठाएं और उसके बीच में दो बड़े चम्मच भरावन सामग्री रखकर पूरी को बीच से पलट दें और किनारे के सिरों को मोड़ कर बंद कर दें।

आप चाहें तो इसके लिए गुझियों के सांचे का भी प्रयोग कर सकते हैं। गुझिया को बना-बनाकर एक मोटे कपड़े से दाबकर रखती जाएं जिससे उसके ऊपर की मैदा सूखे नहीं। सारी गुझिया भरने के बाद एक मोटे तले की कढ़ाई में घी गरम करें।

घी गरम होने पर आंच को मध्यम कर दें और उसमें जितनी गुझिया आराम से तल सकें, उतनी डालें और हल्की भूरी होने तक पलट-पलट कर तल लें।

अब आपकी गुझिया तैयार हैं। एक प्लेट में गरमा-गरम गुझिया निकालें और परोसें। बची हुई गुझिया को ठंडी होने के बाद किसी एअर टाइट डब्बे में रखें। इन्हें दो-तीन सप्ताह तक रखकर खाया जा सकता है।

 

गुलाब जामुन :-

गुलाब जामुन को आसानी से घर पर बनाया जा सकता है। चलिए आपको बताते हैं गुलाब जामुन बनाने की विधि.....

सामग्री :-

मावा - 250 ग्राम
पनीर - 75 ग्राम
मैदा - 50 ग्राम
सूजी - 1 चम्मच
फूड कलर - 1 पिंच
चीनी - 700 ग्राम
इलायची पाउडर - एक चुटकी
बेकिंग पाउडर - एक चुटकी
केसर - थोड़े से स्ट्रेंड
पिस्ता - 15 ग्राम
बादाम - 20 ग्राम

विधि :-

चीनी और दूध को पानी में मिलाकर चाशनी बना लें। एक बरतन में मावा और पनीर डालकर मिलाएं।

इसके बाद इसमें इलायची पाउडर, सूजी, बेकिंग पाउडर, मैदा और थोडा़ सा फूड कलर डालकर सारी चीजों को अच्छे से मिला लें।

अब इसमें से लगभग 100 ग्राम मिक्सर हाथ में लेकर इसके बीच में बादाम, पिस्ता नट्स भरें और इन्हें अच्छी तरह गोल करें।

एक कड़ाही में तेल डालें और धीमी आंच पर काले जामुनों को सुनहरे-भूरे होने तक तलें, इन्हें निकालकर चीनी की चाशनी में डालें और ठंडा होने दें। गुलाब जामुन बनकर तैयार हैं इन्हें केसर और बादाम कतली से सजाकर सर्व करें।

 

बेसन के लड्डू  :-

बेसन के लड्डू घर में आसानी से बनाए जा सकते हैं, इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। बेसन के लड्डू बनाने की विधि....

सामग्री :-

बेसन - 250 ग्राम
देसी घी - 200 ग्राम
इलायची पाउडर - आधा चम्मच
पिस्ता -30 ग्राम
बादाम -50 ग्राम (एच्छिक)
हल्दी पाउडर - चुटकी भर
चीनी -150 ग्राम
चीनी का बूरा  - 150 ग्राम

विधि :-

बादाम और पिस्ते को ब्लांच करें, छील कर बादाम को काटें और पिस्ते की भी कतलियां बनाएं।

भारी तली की कड़ाही में घी गर्म करें और लगातार चलाते हुए बेसन मंदी आंच पर भूनें, लगभग 15-20 मिनट तक भूनें।

जब ये थोड़ा भूरे रंग का हो जाए तो हल्दी पाउडर डालकर बेसन को एक ट्रे में रखें, चीनी और चीनी के बूरे को छान लें और बेसन में मिलाएं।

इस मिक्सचर में बादाम डालकर अच्छी तरह मिलाएं, बेसन से बराबर आकार के लड्डू बनाएं और पिस्ते के टुकड़ों से सजाएं।

 

केसरिया राजभोग :-

राजभोग एक बंगाली रसगुल्ला है, इसके अंदर मेवे भरे जाते हैं और इसका रंग केसरिया होता है। वैसे तो सभी राजभोग को बाजार से ही खरीदकर लाते हैं लेकिन आप इसे आसानी से घर पर बना सकती हैं। इसे बनाने की विधि सरल है, चलिए आपको बताते हैं राजभोग बनाने की विधि....

सामग्री -

पनीर - 200 ग्राम
मैदा - 1 चम्मच
शक्कर - 1/2 किलो
पानी - 2 कप
गोल्डन फूड कलर - 1/4 चम्मच
केसर - 1/8 चम्मच
इलायची पाउडर - 1 चम्मच
8 भिगोए और महीन कटे हुए बादाम
8 भिगोए और महीन कटे हुए पिस्ते

विधि -

केसर को इलायची पाउडर, बादाम और पिस्ते के साथ मिक्स कर लें। गैस पर शक्कर और पानी चढ़ा दें, जिससे चाशनी तैयार हो जाए। फिर पनीर और मैदा को एक साथ मसल कर मुलायम कर लें।

अब छेने को 6-8 टुकड़ों में तोड़कर रख लें। फिर एक टुकड़ा लेकर उसे हथेली पर रखकर थोड़ा दबाएं और उसके बीच में पिस्ते और बदाम वाला थोड़ा सा मिश्रण रख लें।

उसके बाद छेने को चारों ओर उठाकर बंद कर दें और अच्छी तरह दोनों हाथों की सहायता से गोल कर लें, तैयार गोले को प्लेट में रखें।

इसी तरह से सारे राजभोग के गोले बनाकर तैयार कर लें। अब तैयार राजभोग को उबलती हुई चाशनी में 1-1 करके डालें, आंच तेज होनी चाहिए।

बर्तन को ढंककर राजभोग को पकाएं, जिससे वह उसमें अच्छी तरह से चाशनी समा जाए। 15-20 मिनट तक पकाएं और 5-5 मिनट में हल्का पानी मिलाती जाएं, जिससे चाशनी बिल्कुल गाढ़ी ना हो जाए।

उसके बाद गैस बंद कर दें। जब राजभोग ठंडे हो जाऐं तब 1/4 चम्मच फूड कलर पानी में घोलकर चाशनी में डालकर मिक्स कर दें। राजभोग बनकर तैयार हैं इन्हें फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें और ठंडा होने के बाद सर्व करें।

 

मावा-पनीर मालपुआ :-

सादा मालपुओं से ज्यादा मावा पनीर के मालपुए अच्छे लगते हैं। इन्हें बाजार से खरीदकर लाने के बजाय आप घर पर भी तैयार कर सकती है। मावा-पनीर मालपुए बनाना बहुत ही आसान है। इन्हें बनने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। चलिए आपको बताते हैं मावा-पनीर मालपुआ बनाने की विधि...

सामग्री :-

फुलक्रीम मिल्क - आधा लीटर
मैदा - आधा कप
बारीक सूजी -1 बड़ा चम्मच
हरी इलायची पाउडर -1 चौथाई बड़ा चम्मच
पनीर कसा हुआ - आधा कप
चीनी - 250 ग्राम
पानी - 100 मिली
बादाम व पिस्ता कटे हुए - 1 बड़ा चम्मच
मालपुए सेंकने के लिए - देसी घी

विधि :-

सबसे पहले एक बर्तन में दूध डालकर मध्यम आंच पर रखें और गाढ़ा होने तक पकाएं। जब दूध गाढ़ा हो जाए तो इसमें चीनी डालें और ठंडा होने के लिए रख दें।

जब दूध अच्छी तरह ठंडा हो जाए तो इसमें मैदा, सूजी और इलायची पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाकर 5 मिनट के लिए रख दें। मालपुआ का मिश्रण बनकर तैयार है।

अब एक दूसरे बर्तन में चीनी व पानी डालें, इसे मध्यम आंच पर रखें और एक तार की चाशनी तैयार होने तक पकाएं।

एक नॉन-स्टिक तवे पर देसी घी डालकर चम्मच से थोड़ा मिश्रण लेकर फैलाएं और मालपुओं को दोनों ओर से पलटकर अच्छी तरह सेक लें।

तैयार मालपुओं को चाशनी में 1 घंटे तक डालकर रखें। इसके बाद इन्हें प्लेट में निकालकर इन पर उपर से कसा हुआ पनीर, पिस्ता और बादाम छिड़ककर सर्व करें।

 

 

 

 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
रिलेटेड न्यूज़
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.