विदेशी डॉक्टरों को डॉक्टरी की इजाजत

Samachar Jagat | Monday, 05 Dec 2016 04:39:01 PM
Allow foreign medical doctors

आईआईटी में विदेशी प्रोफेसरों की नियुक्ति करने के बाद केंद्र सरकार अब विदेशी डॉक्टरों को भी देश की डॉक्टरी की इजाजत दे रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सिफारिश पर एमसीआई (भारतीय चिकित्सा परिषद) ने विदेशी डॉक्टरों को बिना किसी टेस्ट के अस्थायी रजिस्ट्रेशन देने का फैसला किया है।

 इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्रालय इस संदर्भ में जल्दी अधिसूचना जारी करेगी। एमसीआई के अनुसार कुछ समय पूर्व एक प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई जिसमें विदेशी डॉक्टरों को भारत में काम करने की इजाजत है। 

अभी तक शोध, पढ़ाई आदि कार्य के लिए ही विदेशी डॉक्टर आते थे, जिसके लिए उन्हें अस्थायी पंजीकरण नंबर एमसीआई देती थी। लेकिन अब डॉक्टरी करने के लिए भी यदि वे भारत आना चाहेंगे तो एमसीआई उन्हें तुरंत अस्थायी नंबर देगी। वे किसी अस्पताल में बतौर डॉक्टर कार्य कर सकेंगे।

 भारत में एमसीआई का पंजीकरण पाने को विदेशों में पढ़े डॉक्टरों को स्क्रीनिंग टेस्ट देना होता है। सिर्फ पांच अंग्रेजी भाषी देश अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड और आस्टे्रलिया को प्रावधान से छूट है। 

लेकिन नए प्रावधान के अनुसार विदेशों में पहले से डॉक्टरी कर रहे चिकित्सक भारत में अस्थाई पंजीकरण प्राप्त कर सेवा दे सकेंगे। इस समय देश में करीब छह लाख डॉक्टरों की कमी होने का अनुमान है। भविष्य में डॉक्टरों की कमी से निपटने के लिए हर साल एक लाख एमबीबीएस तैयार करने की जरूरत है, लेकिन सीटें 60 हजार तक ही पहुंच पाई है। 

इस फैसले से भारतीय मूल के डॉक्टरों की भी स्वेदश वापसी की राह खुलेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पूर्व में इसके लिए एक पोर्टल बनाया था, जिसमें भारतीय मूल के डॉक्टरों का पंजीकरण कराया जा रहा है। 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री रहते हुए टोनी ब्लेयर ने बड़े पैमाने पर विदेशों से चिकित्सकों, खासकर मनोरोग और दांतों के डॉक्टरों को बुलाकर दूरदराज इलाकों में तैनात किया था। 

इस प्रकार वहां डॉक्टरों की कमी दूर की गई थी। बड़ी संख्या में भारत से डॉक्टर ब्रिटेन गए और अभी तक नहीं लौटे। खबर है कि इसी तर्ज पर भारत भी अन्य देशों से डॉक्टरों को भारत बुला सकता है। 

नेपाल, भूटान, बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों से डॉक्टर रोजगार के लिए भारत आ सकते हैं। इन देशों में डॉक्टरों का स्तर भी अच्छा है। 

भारत में इन वर्षांे में जिस प्रकार से नई-नई बीमारियां फैल रही है और डॉक्टरों की भी कमी है, ऐसे में विदेशी डॉक्टरों को भारत में डॉक्टरी की अनुमति दिए जाने से देश में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार ही होगा।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
रिलेटेड न्यूज़
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.