योगी ने दिया गौ-तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध का आदेश

Samachar Jagat | Thursday, 23 Mar 2017 07:42:51 AM
Yogi orders complete ban on trafficking

लखनउ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने गौ-तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और ‘माननीयों’ को पूर्व की सरकार द्वारा ‘स्टेटस सिंबल’ के लिए दी गयी सुरक्षा की समीक्षा का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों की आज लोक भवन में बैठक के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री ने गौ-तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्देश दिया। साथ ही आगाह किया कि इस संबंध में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सिंह के साथ मौजूद उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूर्व की सरकार द्वारा माननीयों को दी गयी सुरक्षा की समीक्षा करने को कहा है और जिन्हें वाकई जरूरत है, उन्हें ही सुरक्षा मिले। ‘स्टेटस सिंबल’ के रूप में सुरक्षा नहीं दी जाएगी। आदित्यनाथ ने आज सचिवालय एनेक्सी स्थित अपने कार्यालय की स्वच्छता का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सार्वजनिक जगहों पर पान मसाला और पान खाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए। शर्मा ने दावा किया कि पिछले 40 साल में किसी मुख्यमंत्री ने इस तरह निरीक्षण नहीं किया। इससे पहले हेमवती नंदन बहुगुणा ने ऐसा निरीक्षण किया था।

कानून व्यवस्था को भाजपा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए योगी ने कहा कि महिलाओं और लडकियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सभी प्रयास किये जाने चाहिए। शर्मा ने कहा कि सुस्त पड़ी प्रशासनिक मशीनरी को गतिशील बनाने की कवायद में एक सिटीजन चार्टर और ‘फाइल इन्डेक्स’ बनाया जाएगा ताकि सुनिश्चित हो कि फाइलें सात दिन में मंजूर हो जाएं। विलंब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शर्मा के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि जनादेश राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए है, इसलिए मंत्रियों को अपने विभागों को पूरा वक्त देना चाहिए और वे रोडमैप तैयार करें। ‘एंटी रोमियो स्क्वायड’ को लेकर व्याप्त आशंकाओं को दूर करते हुए सिद्धार्थनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि निर्दोष लोगों को स्क्वायड के नाम पर प्रताडित ना होना पडे इसका ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और लडकियों को सुरक्षा देना मकसद है ना कि आम लोगों को परेशान करना। ‘‘सार्वजनिक जगहों पर बैठे लडके लडकियों को एंटी रोमियो स्क्वायड के नाम पर परेशान नहीं किया जाएगा। ये स्क्वायड थाने के स्तर पर बनाये जाएंगे।’’ प्रदूषण दूर करने की पहल के तहत मुख्यमंत्री ने अपने कैबिनेट सहयोगियों से अपेक्षा की कि वे अपने वाहनों में ‘हूटर’ और ‘सायरन’ का इस्तेमाल करने से बचें क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण फैलता है।

सिंह ने बताया कि कार्यालयों में सब समय पर आयें, यह सुनिश्चित करने के लिए बायोमीट्रिक और सीसीटीवी लगाने के बारे में सरकार विचार कर रही है। पशु वधशालाओं को लेकर किये गये सवालों पर भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि अवैध पशु वधशालाओं को बंद किया जाएगा।

लाइसेंसी पशु वधशालाओं में अगर लाइसेंस की शर्तों का पालन नहीं होता तो उन्हें भी बंद कर दिया जाएगा। सिंह ने बताया कि मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। वे कल सुबह अपने अपने विभागों का कार्यभार संभालेंगे और अपने स्टाफ को ‘स्वच्छता’ की शपथ दिलाएंगे। -(एजेंसी)



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.