मणिपुर-उत्तर प्रदेश चुनाव, जानिए सीटों का पूरा गणित

Samachar Jagat | Wednesday, 08 Mar 2017 11:46:33 AM
uttar pardesh election manipur election analysis

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए सात जिलों की 40 सीटों पर मतदान आज सुबह सात बजे से शुरू हो गया। इसी चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी शामिल है। नक्सल प्रभावित दुद्धी, राबर्टसगंज और चकिया सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक जबकि अन्य सभी मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।

वाराणसी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली सीटों के अलावा नक्सल प्रभावित जिलों सोनभ, मिर्जापुर और चंदौली पर सबकी निगाहें टिकी हैं। सातों जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। मतगणना 11 मार्च को होगी। कुल 1.41 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें 64.76 लाख महिलाएं हैं। कुल 14,458 मतदान बूथ बनाये गये हैं। भाजपा 32 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि चार-चार सीटें इसने अपने सहयोगी अपना दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को दी हैं। 

बसपा ने सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। सपा 31 सीटों पर लड़ रही है और उसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस शेष नौ सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वर्ष 2012 के राज्य विधानसभा चुनाव में 40 सीटों में से 23 सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी जबकि बसपा को पांच, भाजपा को चार, कांग्रेस को तीन और अन्य को पांच सीटें मिली थीं।

इस चरण में वाराणसी के अलावा गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही और सोनभ में मतदान हो रहा है।
कुल 535 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बसपा के 40, भाजपा के 32, सपा के 31, कांग्रेस के नौ, रालोद के 21 और राकांपा के पांच उम्मीदवार इसमें शामिल हैं। सबसे अधिक 24 उम्मीदवार वाराणसी कैण्ट सीट पर हैंं तो सबसे कम छह उम्मीदवार केराकत अनुसूचित जाति सीट पर हैं।

अंतिम चरण के लिए प्रधानमंत्री ने भाजपा के प्रचार अभियान को ‘टाप गियर’ में डालते हुए वाराणसी में तीन दिन रोडशो किया था। वह मंदिरों में दर्शन करने गये और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसके अलावा कई जनसभाएं भी कीं थीं।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी जमकर चुनाव प्रचार किया। अखिलेश के साथ उनकी पत्नी डिम्पल ने भी कई चुनावी सभाएं कीं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने रोहनिया में रैली की थी। जिन दिग्गजों की किस्मत इस चरण में दांव पर लगी है, उनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश, पारसनाथ यादव, अजय राय, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई सिगबतुल्लाह अंसारी और जेल में बंद माफिया मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह शामिल हैं।


इबोबी सिंह, इरोम शर्मिला के बीच कड़ी टक्कर

मणिपुर में विधानसभा की 22 सीटों के लिये आखिरी चरण का मतदान आज सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया। इसमें मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह के विधानसभा क्षेत्र थौबल पर सबकी नजर रहेंगी जहां उन्हें मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला चुनौती दे रही हैं।

ये 22 सीटें घाटी के जिले थौबल और पहाड़ी जिलों उखरल, चंदेल, तामंगलोंग और सेनापति के तहत आती हैं। इनपर 98 उम्मीदवारों की किस्मत आज दांव पर लगी है।

राज्य में कुल 19,02,562 मतदाता हैं जिनमेंं 9,28,573 पुरूष और 9,73,989 महिलाएं शामिल हैं। इनमें करीब 45,642 लोग पहली बार अपने मत अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 

60 सदस्यीय विधानसभा के दूसरे और आखिरी चरण के मतदान के लिये कुल 1,151 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं।
चुनाव आयोग ने मतदान को मुक्त और निष्पक्ष बनाये रखने के लिये सुरक्षा व्यवस्था में विस्तार किया है और केंद्रीय सुरक्षा बलों की 280 कंपनियों को यहां तैनात किया है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.