बोले अखिलेश यादव, 'हाथ में तलवार थमायी है तो उसे चलायें कैसे ना'

Samachar Jagat | Saturday, 05 Nov 2016 05:14:23 PM
sword in my hand and how to not play says akhilesh yadav

लखनउ। मुख्यमंत्री के रूप में अपनी कैबिनेट से चाचा शिवपाल सिंह यादव सहित चार मंत्रियों को बर्खास्त कर चुके अखिलेश यादव ने आज कहा, ''ऐसा कैसे हो सकता है कि मेरे हाथ में तलवार थमायी जाए और फिर कहा जाए कि उसे चलाउं नहीं।

अखिलेश ने यहां सपा के रजत जयंती समारोह में कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति का नाम लेते हुए कहा, ''प्रजापति को कहेंगे कि हमें आप तलवार दे देते हो भेंट में और उधर कहते हो कि मैं तलवार ना चलाउं। ऐसा कैसे हो सकता है।

समारोह के संयोजक गायत्री ने मंच पर बैठे सभी अतिथियों का तलवार देकर स्वागत किया था। गायत्री को अखिलेश एक बार अपनी कैबिनेट से बर्खास्त कर चुके हैं। अखिलेश ने इसी बहाने संभवत यह समझाने की कोशिश की कि मुख्यमंत्री बनाया गया है तो वह अपने अधिकारों का इस्तेमाल करेंगे।

सपा के भीतर मचे घमासान का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राम मनोहर लोहिया ने कहा था कि लोगों को उनकी बात समझ आएगी लेकिन उनके मरने के बाद। ''मैं इसी बात को दूसरे रूप में कहता हूं कि लोगों को समझ में आएगा लेकिन सपा का नुकसान हो जाने के बाद।

उन्होंने कहा, कि उत्तर प्रदेश भारत का भविष्य है। आने वाले समय में जो चुनाव विधानसभा होने जा रहा है, वह भारत का भविष्य तय करेगा, वह निर्धारित करेगा कि देश किस तरफ जाएगा।

अखिलेश ने कहा कि केन्द्र की सत्ता में बैठी भाजपा ने लोगों में मतभेद पैदा किये हैं। भाजपा के लोगों ने दूरियां पैदा की हैं। उनका सत्ता का रास्ता वहीं से निकलता है। उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को 70 से अधिक सांसद दिये लेकिन राज्य को आदर्श गांव योजना से ज्यादा कुछ नहीं मिला।

अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ और नौजवान नेता सभी बसपा और भाजपा के खिलाफ लड़े हैं। उन्होंने साइकिल चलायी है और खून पसीना बहाया है। साथ ही बोले कि वह हर तरह की परीक्षा देने को तैयार हैं। हमारा लक्ष्य बसपा और भाजपा की पराजय सुनिश्चित करना है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के 2017 विधानसभा चुनाव में एक बार फिर सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। ''दुनिया में जितने भी लोग हैं, वो महसूस करते हैं समाजवादी विचारधारा ही हर वर्ग के लोगों को आगे बढाने का काम करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से सपा के रजत जयंती वर्ष की शुरूआत हो रही है और प्रदेश में सपा की सरकार है। हम चाहते हैं कि जब रजत जयंती समारोह संपन्न हों, तब भी सपा की ही सरकार रहे।

उन्होंने कहा कि सपा 2017 में तो सरकार बनाएगी ही, 2019 में भी उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक फैसला होगा। यह कहकर अखिलेश ने भविष्य में जनता परिवार और समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन की संभावना से इंकार नहीं किया।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.