एसपी त्यागी की गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण : अरूप राहा

Samachar Jagat | Sunday, 11 Dec 2016 02:17:02 AM
SP Tyagi arrest unfortunate Arup Raha

पुरुलिया/कोलकाता। वायु सेना प्रमुख अरूप राहा ने दिल्ली रवाना होने से पहले आज पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले स्थित सैनिक स्कूल का दौरा किया।  एयर चीफ मार्शल राहा ने मेघालय की राजधानी शिलांग से लौटने के दौरान जिले के पानागढ़ क्षेत्र स्थित सैनिक स्कूल का दौरा किया। वह स्कूल के प्रधानाध्यापक कर्नल राहुल शर्मा के आमंत्रण पर वहां गए थे। एयर चीफ मार्शल राहा ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में जाने से पहले 1965 से 1970 के दौरान इसी स्कूल से पढ़ाई की थी।

उन्होंने इस दौरान राज्यसभा सांसद प्रदीप भट्टाचार्या, विधायक नेपाल महतो और जिले के कुछ अन्य गण्यमान्य लोगों से मुलाकात की। उन्होंने स्कूल को एक लाख रूपए का चेक भी प्रदान किया। इस दौरान उन्हें स्कूल के कैडेट की ओर से ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

इससे पहले एयर चीफ मार्शल अरुप राहा ने पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। राहा ने कहा कि इससे वायुसेना की प्रतिष्ठा पर दाग लगा है। उन्होंने कहा, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस तरह की घटना हुई। एक पेशेवर सेना होने के नाते इससे हमारी प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। लेकिन हम कानून के शासन में यकीन करते हैं।

सवालों के जवाब में वायुसेना प्रमुख ने कहा, भारत के सभी नागरिक कानून के शासन में विश्वास रखते हैं। कानूनी प्रक्रिया जारी है...जो भी अंतिम फैसला आएगा हम उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने इस मामले पर और ज्यादा बोलने से ये कहकर इनकार कर दिया कि मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.