LIVE चुनाव 2017: UP में छठे चरण में 49 सीटों पर और मणिपर में पहले चरण में 38 सीटों पर वोटिंग शुरू

Samachar Jagat | Saturday, 04 Mar 2017 07:19:44 AM
sixth-phase-of-up-and-first-phase-of-manipur-assembly-poll

लखनऊ/इंफाल। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के छठे चरण में आज 49 सीटों पर, तो मणिपुर चुनाव के पहले चरण में 38 सीटों मतदान हो रहा है। इन दोनों जगहों पर सुबह सात बजे वोटिंग शुरू गो गई और शाम पांच बजे तक चलेगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान होगा।

छठे चरण में नेपाल से सटे महराजगंज और कुशीनगर के साथ-साथ गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ तथा बलिया जिलों की 49 सीटों पर आज मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा।

इस चरण में भाजपा के हिन्दुत्ववादी नेता सांसद महन्त आदित्यनाथ के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर और माफिया-राजनेता मुख्तार अंसारी के क्षेत्र मउ तथा केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र के संसदीय क्षेत्र देवरिया में चुनाव पर खास नजर रहेगी।

635 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
छठे चरण में 77 लाख 84 हजार महिलाओं समेत करीब एक करोड़ 72 लाख 86 हजार 327 मतदाता 63 महिलाओं सहित कुल 635 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर सकेंगे। इसके लिये 10 हजार 820 मतदान केन्द्र तथा 17 हजार 926 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। इनमें से 1186 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील माना गया है। मतदान को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिये पर्याप्त संख्या में पुलिस तथा केन्द्रीय बल तैनात किया गया है।

वर्ष 2012 में इन सीटों में से सपा ने 27, बसपा ने नौ, भाजपा ने सात तथा कांग्रेस ने चार सीटें जीती थी, जबकि दो सीटें अन्य के खाते में गयी थीं।

इस चरण में सबसे ज्यादा 23 उम्मीदवार गोरखपुर सीट पर मैदान में हैं, जबकि सबसे कम सात-सात उम्मीदवार आजमगढ़ सदर तथा मउ जिले की मोहम्मदाबाद गोहना सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण की मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिये 2007 माइक्रो आब्जर्वर, 1221 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 123 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 139 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। इसके अलावा 48 जनरल आब्जर्वर, 12 व्यय प्रेक्षक तथा पांच पुलिस पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गयी है।

दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र आजमगढ़ में विधानसभा की 10 सीटें हैं। वर्ष 2012 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में सपा ने इनमें से नौ सीटें जीती थीं। हालांकि मुलायम ने इस बार आजमगढ़ में एक भी रैली को सम्बोधित नहीं किया है। छठे चरण में सांसद आदित्यनाथ के अलावा केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र की प्रतिष्ठा भी दांव पर होगी।

छठे चरण में होने वाले चुनाव में प्रमुख उम्मीदवारों में बसपा छोड़कर भाजपा में आये स्वामी प्रसाद मौर्य (पडरौना), भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही (देवरिया), पूर्व मुख्यमंत्री राम नरेश यादव के बेटे श्याम बहादुर यादव (फूलपुर पवई), सपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी (फेफना) और नारद राय (बलिया सदर) शामिल हैं।

इसके अलावा मउ से बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी, उनके बेटे अब्बास अंसारी (घोसी) की परीक्षा भी इसी चरण में होगी। प्रदेश का विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। आखिरी चरण का चुनाव आठ मार्च को होगा। नतीजे 11 मार्च को आएंगे।

मणिपुर में आर्थिक नाकेबंदी है बड़ा मुद्दा
मणिपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिये मतदान आज सुबह सात बजे शुरू होगा। यहां चुनाव दो चरण में हो रहे हैं।

पहले चरण में 38 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। इसके लिये इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर और पहाड़ी जिलों चूड़ाचंदपुर (चूड़ाचंदपुर) एवं कांगपोकपी में फैले इन इलाकों में 1,643 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। पहले चरण में कुल 168 उम्मीदवार चुनाव मैदान में होंगे। मतदाताओं की कुल संख्या 19,02,562 है जिनमें से 9,28,562 पुरुष और 9,73,989 महिला मतदाता हैं। नए मतदाताओं की संख्या 45,642 है।

कुल 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव की दौड़ में शामिल सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपना चुनाव प्रचार मुख्यत: यूनाइटेड नगा काउंसिल द्वारा लागू आर्थिक नाकेबंदी और इसे तोड़ने में राज्य सरकार की नाकामी पर फोकस किया है।

कथित विकास की कमी, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, कोषों का दुरूपयोग और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को भी राजनीतिक पार्टियों ने उठाया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के कई नेताओं ने वर्ष 2015 में केंद्र सरकार एवं एनएससीएन (आईएम) के बीच हुए नगा फ्रेमवर्क समझौता की ‘गोपनीय प्रकृति’और सामग्री पर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेताओं ने राज्य के दो राष्ट्रीय राजमार्गों पर तीन महीने से अधिक समय से चल रही आर्थिक नाकेबंदी को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधा। वहीं कांग्रेस ने कहा है कि सरकार ने अपने 15 साल के शासन में कई विकास परियोजनाएं कार्यान्वित कीं और बिजली आपूर्ति में सुधार किया।

मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह ने अपनी हालिया चुनावी रैली में आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस द्वारा शुरू एवं उद्घाटित की गयीं रेल परियोजनाओं जैसी परियोजनाओं का श्रेय लेना चाहती है। बहरहाल, पिछले साल अपना अनशन तोड़ ‘पीपल्स रिसर्जेंस एंड जस्टिस अलायंस’नामक पार्टी का गठन करने वाली मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला चानू पर सभी की निगाहें हैं। ‘अफ्सपा’ हटाने की मांग को लेकर इरोम शर्मिला 16 साल से अनशन पर थीं और अब वह चुनाव लड़ रही हैं।

इस बार मैदान में इरोम शर्मिला
बहरहाल, पिछले साल अपना अनशन तोड़ पीपल्स रिसर्जेंस एंड जस्टिस अलायंस नामक पार्टी का गठन करने वाली मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला चानू पर सभी की निगाहें हैं। अफ्सपा हटाने की मांग को लेकर इरोम शर्मिला 16 साल से अनशन पर थीं और अब वह चुनाव लड़ रही हैं।
भाषा 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.