सपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शिवपाल का नाम नदारद

Samachar Jagat | Tuesday, 24 Jan 2017 08:06:05 PM
Shivpal name missing from the list of star campaigners of SP

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की नई भूमिका में आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्टार प्रचारकों की सूची से चाचा शिवपाल यादव का नाम गायब है। 

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने चालीस 40 स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को सौंपी है जिसमें शिवपाल का नाम नहीं है। हाल ही में चाचा-भतीजे की जंग और पार्टी में मची अंतर्कलह सुर्खियों में थी। 

सपा राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने दिल्ली में चुनाव आयोग को सूची सौंपी। सूची में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव, अखिलेश और 38 अन्य नेताओं के नाम हैं। 

रविवार को अखिलेश ने सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी किया था। उस संवाददाता सम्मेलन में भी शिवपाल मौजूद नहीं थे। मुलायम भी अनुपस्थित रहे हालांकि संवाददाता सम्मेलन खत्म होने के बाद वह सपा मुख्यालय पहुंचे और देर की वजह यातायात बाधित होना बताई। 

सपा के स्टार प्रचारकों में किरनमय नंदा, आजम खां, रामगोपाल, नरेश अग्रवाल, जया बच्चन और राजन चौधरी के नाम हैं। सपा युवजन सभा, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष तथा महाराष्ट्र से सपा नेता अबू असीम आजमी भी सूची में हैं। 

सपा ने शिवपाल को इटावा जिले की जसवंतनगर सीट से प्रत्याशी बनाया है। पिता और पुत्र के खेमों के बीच जंग में चुनाव आयोग ने 43 वर्षीय अखिलेश के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सपा का नाम और चुनाव निशान 'साइकिल' अखिलेश खेमे को दे दिया।

विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश के लिए यह उत्साहवर्धक खबर थी। उन्होंने संगठन के स्तर पर तमाम फेरबदल किये। उन लोगों को वापस लिया, जिन्हें शिवपाल ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।

अखिलेश ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम तय किये। कांग्रेस से गठजोड़ भी किया। अब 403 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस 105 सीटों पर और शेष पर सपा चुनाव लड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सुल्तानपुर से पार्टी के चुनाव अभियान की शुरूआत कर दी। उत्तर प्रदेश में सात चरण के तहत 11 फरवरी से आठ मार्च के बीच मतदान होना है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.