शहडोल और नेपानगर उपचुनावों की मतगणना कल

Samachar Jagat | Monday, 21 Nov 2016 05:37:55 PM
Shahdol and Nepanagar by poll elections counting in yesterday

भोपाल। मध्यप्रदेश के शहडोल लोकसभा और नेपानगर विधानसभा क्षेत्रों में कल सुबह आठ बजे से सख्त सुरक्षा प्रबंध के बीच मतों की गिनती का कार्य किया जाएगा। दोनों क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए 19 नवंबर को मतदान हुआ था। दोनों ही उपचुनावों में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच है।

जहां शहडोल में राज्य के केबिनेट मंत्री ज्ञान सिंह की किस्मत का फैसला होगा, वहीं नेपानगर विधानसभा क्षेत्र खंडवा संसदीय क्षेत्र के अन्तर्गत आने से वहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नंदकुमार भसह चौहान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

शहडोल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के ज्ञान सिंह और कांग्रेस की हिमाद्री सिंह के अलावा 15 और प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला होगा। वहीं नेपानगर में भाजपा की मंजू दादू, कांग्रेस के अंतरसिंह के अलावा दो अन्य प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। दोनों की उपचुनावों के मतों की गिनती के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार शहडोल संसदीय क्षेत्र के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जयसिंह नगर एवं जैतपुर की मतगणना शहडोल के शासकीय इंदिरा गांधी होमसाइंस गल्र्स कॉलेज में होगी। मतगणना के लिए14-14 टेबल लगाई जाएंगी। जयसिंह नगर की 21 एवं जैतपुर की 22 राउण्ड में मतगणना होगी।

अनूपपुर जिले के कोतमा, अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतगणना शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र भवन में होगी। कोतमा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 14 टेबल में 14 राउण्ड में, अनूपपुर की 14 टेबल पर 16 राउण्ड में और पुष्पराजगढ़ की 14 टेबल पर 19 राउण्ड में होगी।

उमरिया जिला मुख्यालय पर बांधवगढ़ एवं मानपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में होगी। बांधवगढ़ की 14 टेबल पर 19 राउण्ड में एवं मानपुर की 14 टेबल पर 22 राउण्ड में होगी।

कटनी जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना बड़वारा के मॉडल स्कूल में 14 टेबल पर 20 राउण्ड में होगी। वहीं नेपानगर विधानसभा उपचुनाव के लिए बुरहानपुर स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज में 14 टेबल पर 22 राउण्ड में वोटों की गिनती की जाएगी।

अनूपपुर जिले के लिए अनिल मेश्राम, शहडोल जिले के लिए नारायण एस. रावती, उमरिया जिले के लिए संजीव कुमार प्रसाद, बड़वारा के लिए विनोद कुमार गणना प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। नेपानगर की मतगणना गणना प्रेक्षक मोहम्मद अब्दुल अजीम की उपस्थिति में होगी।

मतगणना स्थल पर सुविधाओं से युक्त मीडिया कक्ष बनाया गया है। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक-एक माइक्रो सुपरवाइजर, काउंटिंग सुपरवाइजर एवं काउंटिंग असिस्टेंट तैनात किए जाएंगे। सबसे पहले सुबह 8 बजे डाक मत-पत्रों की गणना की जाएगी।

इसके बाद ईव्हीएम के वोटों की गिनती होगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा की त्रि-स्तरीय व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक राउण्ड के बाद उम्मीदवारों को मिले वोटों की घोषणा की जाएगी। शहडोल लोकसभा उपचुनाव भाजपा सांसद दलपत सिंह परस्ते के निधन के चलते हो रहा है, वहीं नेपानगर विधानसभा का उपचुनाव भाजपा विधायक राजेन्द्र दादू के निधन के बाद हो रहा है।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.