नमक की अफवाह भाजपा की देन: सपा

Samachar Jagat | Saturday, 12 Nov 2016 02:30:04 PM
Salt product of rumor BJP: SP

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ समाजवादी पार्टी (सपा) ने आज आरोप लगाया कि देश के आम आदमी का समस्याओं से ध्यान बांटने के लिए नमक की कमी की अफवाह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा फैलायी गई।

पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने यहां कहा राजनीति लाभ लेने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है। अगर जल्द ही अन्य सामान की किल्लत को लेकर इस तरह की अफवाह फैले तो हमें ताज्जुब नहीं होगा। उन्होंने कहा भाजपा के लोग इस तरह की अफवाह फैलाने में माहिर है। वे पहले भी ऐसी अफवाहें फैला चुके हैं।

बडे नोटों को अमान्य किये जाने का जिक्र करते हुए सपा नेता ने कहा कि भाजपा के तुगलकी फरमान की वजह से सारा देश मुश्किल का सामना कर रहा है। यादव ने कहा बैंक सिस्टम फेल हो गया है और डाकघर में कोई काम नहीं बन रहा। रोजमर्रा की जरुरत के लिए अपना नोट बदलवाने के लिए लोग यहां -वहां भटकते फिर रहे हैं।

इस बीच आगामी विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के मुजफ्फरनगर की बुढाना सीट से प्रत्याशी अनवार हसन और उनके छोटे भाई कंवर हसन आज सपा में शामिल हो गये। कंवर हसन को शामली की कैराना सीट से अपना उम्मीदवार घोषित करने के बाद बसपा को उनका टिकट काट दिया था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रचार अभियान के तहत नौ नवम्बर को बलिया से शुरू हुयी परिवर्तन यात्रा 14 तारीख को गाजीपुर पहुंचेगी जहां मोदी एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उधर, सपा मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र गाजीपुर से प्रचार अभियान की शुरूआत कर पूर्वी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम समुदाय पर अपनी पकड मजबूत करने का प्रयास करेगी।
गाजीपुर जिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से सटा हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सपा अध्यक्ष की यह पहली बडी राजनीतिक जनसभा होगी।

माफिया डान मुख्तार अंसारी का इस इलाके में वर्चस्व है। सपा की कोशिश इसका भरपूर फायदा उठाने की होगी। इससे पहले सपा अध्यक्ष चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत छह अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ से करने वाले थे हालांकि परिवार मे कलह के चलते उन्हे अपना कार्यक्रम स्थगित करना पडा था।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने से कहा कि सपा मुखिया की मौजूदगी में यह रैली ऐतिहासिक होगी और भीड के लिहाज से रैली सफलता के नये आयाम स्थापित करेगी। गाजीपुर के बाद वाराणसी, जौनपुर और भदोही में भी जनसभा का आयोजन किया जायेगा।                   -एजेंसी
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.