मुलायम से मिले पीके तेज हुई अटकलें

Samachar Jagat | Sunday, 06 Nov 2016 05:57:19 PM
PK has sparked speculation from mulayam

लखनउ।  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन की कवायद के बीच कांग्रेस के लिये काम कर रहे चुनावी रणनीतिकार प्रशान्त किशोर ने आज सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से एक बार फिर मुलाकात करके हलचलें बढ़ा दी हैं।

प्रशान्त किशोर पीके से जुड़े करीबी सूत्रों ने बताया कि पीके ने आज सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की। दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। माना जा रहा है कि इस दौरान महागठबंधन बनाने पर बातचीत हुई। पीके की इस मुलाकात से प्रदेश में सपा, उसके साथ गठबंधन के इच्छुक दलों जदयू, रालोद, राजद तथा कांग्रेस का महागठबंधन बनाये जाने की अटकलें और तेज हो गयी हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी नैया पार लगाने की जिम्मेदारी सम्भाल रहे पीके ने चार नवम्बर को नयी दिल्ली में सपा प्रमुख से भेंट की थी।

हालांकि सपा अभी इस मुद्दे पर अपने पत्ते नहीं खोल रही है। पार्टी के प्रान्तीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने आज पार्टी राज्य मुख्यालय पर एक बैठक के बाद संवाददाताओं द्वारा महागठबंधन के बारे में पूछे जाने पर कहा कि जब गठजोड़ हो जाएगा, तभी इस बारे में कोई बात की जाएगी। मालूम हो कि बिहार विधानसभा चुनाव स पहले बने महागठबंधन में सपा अहम घटक था। उसका नेतृत्व सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को सौंपा गया था, लेकिन चुनाव से ऐन पहले सपा अपेक्षित संख्या में सीटें ना मिलने का हवाला देते हुए पीछे हट गयी थी। हालांकि चुनाव में राजद, जदयू और कांग्रेस के महागठबंधन ने भाजपा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को शिकस्त देकर सरकार बनायी थी।  (एजेंसी )
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.