पाक की गोलाबारी में सेना के जवान की मौत, जवाबी कार्रवाई में तीन पाकिस्तानी चौकियां क्षतिग्रस्त

Samachar Jagat | Tuesday, 08 Nov 2016 10:14:29 PM
Pak army shelling killed three Pakistani posts damaged in retaliation

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों एवं असैन्य क्षेत्रों में पाकिस्तानी सैनिकों की गोलाबारी में सेना के एक जवान की मौत हो गयी। भारतीय सैनिकों ने इसका करारा जवाब दिया जिसमें पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियों के क्षतिग्रस्त होने की बात कही जा रही है। सेना के उत्तरी कमान के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में आज नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलाबारी में एक जवान शहीद हो गया।’’

पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह आठ बजकर 45 मिनट पर नियंत्रण रेखा पर नौशेरा सेक्टर में गोलीबारी शुरू कर दी। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘दोनों तरफ से भारी गोलीबारी जारी है। पाकिस्तानी सेना की चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा है। उनकी तीन चौकियां क्षतिग्रस्त हो गयीं।’’ पाकिस्तानी सैनिकों ने दोबारा संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ जिले के कृष्ण घाटी सेक्टर में आज दोपहर एक बजकर 45 मिनट से बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन करना शुरू कर दिया। सीमा की रक्षा कर रहे भारतीय सैनिकों ने इसका जवाब दिया जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गयी। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए 120 एमएम के मोर्टार गोले और स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया जिसका करारा जवाब दिया गया।

इस दौरान भारतीय सीमा में कोई हताहत नहीं हुआ।’’ इसी बीच नियंत्रण रेखा पर कलाल क्षेत्र में पाकिस्तान की गोलाबारी में दो जवानों के घायल होने की बात कही जा रही है। पाकिस्तानी सैनिकों ने कल पुंछ जिले के मेंधार सेक्टर के मानकोट और बालकोट क्षेत्र को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी। पाकिस्तानी सेना ने छह नवंबर को पुंछ जिले के पुंछ सेक्टर और नियंत्रण रेखा के कृष्ण घाटी के जरिए घुसपैठ की दो कोशिशों को अंजाम देने के लिए गोलीबारी की आड़ दी थी। इसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए थे और पांच अन्य घायल हो गए थे। लक्षित हमलों के बाद से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन की लगभग 100 घटनाएं हो चुकी हैं।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.