दवे के निधन पर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री, सोनिया ने जताया शोक, राष्ट्रीय ध्वज झुका

Samachar Jagat | Thursday, 18 May 2017 01:16:44 PM
On the demise of Dave President Prime Minister Sonia expressed regret

नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री अनिल माधव दवे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुखर्जी ने एक ट्वीट में कहा, वह दवे के असामयिक निधन से दुखी और स्तब्ध हैं। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वन एवं पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि वह अपने दोस्त और बहुत ही विनम्र सहयोगी दवे के अचानक हुए निधन से पूरी तरह से स्तब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि अनिल माधव दवे जी को जनसेवा के लिए सदा याद किया जाएगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं कल शाम तक अनिल माधव दवे जी के साथ था और उनके साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की थी। उनका निधन मेरा व्यक्तिगत नुकसान है। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 

महाजन ने अपने शोक संदेश में कहा, दवे को हम सभी एक आदरणीय सहयोगी, प्रबुद्ध चिंतक, पर्यावरण प्रेमी और कुशल संगठनकर्ता के तौर पर याद करेंगे। दवे ने नर्मदा नदी के संरक्षण के लिए जनजागृति और जनभागीदारी के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किया है। एक जनसेवक विशेषकर पर्यावरण मंत्री के रूप में अपने अध्ययन चिंतन एवं कार्यशैली से उन्होंने अत्यंत दूरगामी एवं अमिट छाप छोड़ी। वह अत्यंत सरल एवं मृदुल भाषी थे। उन्होंने कहा, मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वन एवं पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे के अचानक हुए निधन पर गहरा शोक जताया है। गांधी ने आज अपने शोक संंदेश में कहा है कि दवे के निधन से वह स्तब्ध हैं। वह बेहद मृदुभाषी और भद्र व्यक्ति थे। उनके विनम्र स्वभाव के लिए उन्हें सदा याद किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी संवेदना से दवे के परिवार को अवगत कराया है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवद्र्धन और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे के आकस्मिक निधन पर आज गहरा शोक व्यक्त किया। डॉ. हर्षवद्र्धन ने कहा, अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगी अनिल माधव दवे के आज सुबह हुए देहावसान का मुझे दु:ख है। वह बुद्धिजीवी व्यक्तित्व थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। सिन्हा ने कहा, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे के आकस्मिक एवं दु:खद निधन पर मुझे गहरी संवेदना है। 

लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख तथा खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री अनिल माधव दवे के निधन पर आज गहरा शोक व्यक्त किया। पासवान ने यहां जारी अपने शोक संदेश में कहा है कि दवे के अचानक हुए निधन से वह स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि दवे बेहद मृदुभाषी और विनम्र स्वभाव के थे तथा समाज के दलित शोषित और कमजोर वर्गों के लोगों के हितों की सुरक्षा के लिए कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि दवे न केवल गरीबों के प्रति समर्पित थे बल्कि वह पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी काफी सक्रिय थे।

विदेश राज्य मंत्री एम.जे अकबर ने केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री अनिल माधव दवे के निधन पर आज गहरा शोक व्यक्त किया। अकबर ने यहां जारी अपने शोक संदेश में कहा है कि दवे के अचानक हुए निधन से वह स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि दवे पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद संवेदनशील थे और इस क्षेत्र में उन्हें बेहद लगाव था।

जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता और सांसद शरद यादव ने केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री अनिल माधव दवे के अचानक हुए निधन पर गहरा अफसोस व्यक्त किया है। यादव ने आज यहां जारी अपने शोक संदेश में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी में रहने के बावजूद दवे संतुलित वक्ता थे। उनके अचानक हुए निधन से वह स्तब्ध है।

यादव ने कहा है कि उनका दवे से उस समय से संबंध है जब वह इंदौर से चुनाव लड़ते थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में नमामि गंगे के नाम पर गंगा की ही हत्या की जा रही है और इसी सिलसिले में उन्होंने दवे से मुलाकात के लिए समय भी मांगा था।

केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने वन एवं पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। गोयल ने आज अपने शोक संदेश में कहा है कि वह अपने मित्र और सहयोगी दवे के अचानक हुए निधन से स्तब्ध हैं। उन्होंने दवे के परिवार से संवेदना व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि दवे समर्पित जन सेवा के लिए सदा याद किए जाएंगे। वह पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी संवेदनशील थे।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.