नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात जिले के पुखरायां के समीप आज तडक़े हुए रेल हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुखर्जी ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक को भेजे संदेश में कहा कि वह इंदौर-पटना एक्सप्रेस रेल दुर्घटना से बहुत दुखी हैं। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने कहा, मैं आश्वस्त हूं कि राज्य सरकार इस घटना में मारे गए लोगों के परिवारों तथा घायलों को सभी संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
उपराष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह इस हादसे से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मोदी ने ट््िवटर पर कहा कि वह इंदौर-पटना एक्सप्रेस रेल दुर्घटना से बहुत क्षुब्ध एवं दुखी हैं। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने रेल मंत्री से राहत एवं बचाव अभियान के बारे में बात की है जो व्यक्तिगत रूप से इसकी निगरानी कर रहे हैं। वह ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
राजनाथ सिंह ने रेल दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कांग्रेस अध्यक्ष गांधी ने कहा रेल हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके दुखों को बांटने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। मृतकों के परिवारों के प्रति पूरा देश शोक संतप्त है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राहत बचाव दल सक्रिय रूप से अपने काम को अंजाम देगा ताकि डिब्बे में फंसे लोगों की जान बचाई जा सके।