मोदी और शाह नहीं हैं विश्वास के लायक : लालू

Samachar Jagat | Monday, 06 Mar 2017 08:25:39 PM
Modi and Shah are not worthy of trust: Lalu

वाराणसी। राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों विश्वास करने लायक नहीं हैं।

समाजवादी पार्टी -कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि मोदी एवं शाह सत्ता के हासिल करने लिए देशभर में झूठ बोलकर लोगों को फिर धोखा देने की फिराक में हैं, लेकिन इस बार उनकी दाल गलने वाली नहीं है।

यादव ने कहा कि आतंकवाद, भ्रष्टाचार और आतंकवाद के सफाए के नाम पर 500 और 1000 रुपए के नोटों को बंद कर गरीब जनता को लाइनों में लगा दिया गया। लाखों लोग बेरोजगार हो गए और उनके सामने अब रोजी-रोटी का संकट आ गया है। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें समझ नहीं पाई थी और धोखे में भाजपा को जिता दिया था, लेकिन जुगल-गोड़ी की पहचान कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि धोखा खा चुकी जनता उत्तर प्रदेश में झूठ बोलने वाले दोनों नेताओं को गत बिहार विधानसभा चुनाव की तरह बाहर का रास्ता दिखा देगी। यादव ने मोदी के उस बयान पर भी चुटकी ली, जिसमें उन्होने अपने को उत्तर प्रदेश का गोद लिया हुआ बेटा बताया था।

उन्होंने कहा कि गोद बच्चा लिया जाता है। बुढ़वा को कौन गोद लेता है। उन्होंने कहा कि अमन-शांति पसंद लोग राज्य में सपा-कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में गोलबंद हो गए हैं। पिछले चरण के चुनाव में बड़ी संख्या में लोगों ने गठबंधन के उम्मीदवारों को वोट दिया था और आखिरी चरण में पहले से अधिक समर्थन की उम्मीद की जा रही है।

राजद अध्यक्ष ने कहा कि गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलेगा। अखिलेश यादव एक बार फिर राज्य में मुख्यमंत्री बनेंगे और धर्म एवं जाति के नाम पर समाज में नफरत पैदा करने वालों के मंसूबे पर पानी फिर जाएगा।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.