वाराणसी में मोदी और लालू की आखिरी चुनावी रैली आज

Samachar Jagat | Monday, 06 Mar 2017 11:41:58 AM
Modi and Lalu last election rally in Varanasi today

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश राज्य विधान सभा चुनाव के अंतिम चरण में आगामी 8 मार्च को होने जा रहे मतदान के लिए चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में सोमवार को लगातार तीसरे दिन अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक रैली को संबोधित करेंगे, जबकि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजद अध्यक्ष लालू यादव सपा-कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में तीन सभाओं को संबोधित करेंगे।

चुनाव प्रचार सोमवार शाम पांच बजे थम जाएगा। इससे पहले मोदी रोहनियां के खुशीपुर में रैली को संबोधित करेंगे। उनके अलावा विभिन्न दलों के अनेक राष्ट्रीय स्तर के नेता अपनी-अपनी पार्टी के पक्ष में मतदाताओं को रिझाने पूरी ताकत झोंक दी है।

अपने संबोधन से पहले मोदी गंगा किनारे स्थित गढवाघाट आश्रम में संतों से आशीर्वाद लेंगे और रामनगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के पैतृक निवास जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देंगे।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू यादव समाजवादी पार्टी (सपा)-कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में वाराणसी में जैतपुरा में बुनकर कॉलोनी के अलावा भेलूपुर इलाके में रेवड़ी तालाब सहित तीन स्थानों पर सभाओं को संबोधित करंगे।

यादव के अलावा सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, कांग्रेस नेता एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं सांसद गुलाम नबी आजाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर सहित अनेक नेता सपा-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.