एमसीडी चुनावः तीनों निगम पर भाजपा का कब्जा, मोदी लहर बरकरार

Samachar Jagat | Wednesday, 26 Apr 2017 04:27:59 PM
MCD Election: BJP's possession on all three corporations, Modi wave remains

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा ने हैट्रिक लगा दी है। अब तक के रुझानों में उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली तीनों एमसीडी में बहुमत से आगे निकलकर दो तिहाई बहुमत की ओर बढ़ चुकी है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा बीजेपी पर भरोसा जताने के लिए दिल्ली की जनता का आभारी हूं। बीजेपी वर्कर्स की कड़ी मेहनत की तारीफ करता हूं, जिन्होंने एमसीडी में जीत को संभव बनाया।

तीनों एमसीडी की 270 सीटों में से 185 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में 67 सीटों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी दूसरे नंबर की पार्टी बन गई है। कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और वह इस चुनाव में तीसरे नंबर पर रही। 

दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा को मिली भारी जीत पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह जीत हम सुकमा के शहीदों को समर्पित करते हैं। दिल्ली की जीत पीएम मोदी की नीतियों की जीत है।

एमसीडी चुनाव में मिली हार का ठीकरा आम आदमी पार्टी ने ईवीएम पर फोड़ा है आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने केजरीवाल के घर बैठक के बाद कहा, दिल्ली में जो परिणाम आए उसमें बीजेपी को जो जीत मिली है वो ईवीएम लहर से ही संभव है।

दिल्ली कांग्रेस के प्रेसिडेंट अजय माकन ने एमसीडी इलेक्शन में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि एक साल तक वे कांग्रेस के आम वर्कर की तरह काम करेंगे। माकन ने कहा- इलेक्शन कमीशन को ईवीएम की जांच करनी चाहिए। हमें इलेक्शन कमीशन पर भरोसा है, ईवीएम पर नहीं।

एमसीडी चुनावों के परिणामों में बीजेपी को बहुमत मिलने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली की जनता ने बहानों और आरोपों की राजनीति को नकार दिया है।

तीनों निगम में जीती हुई सीटें

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम- 104 सीटें
भाजपा - 64 सीटें  
आप - 15 सीटें 
कांग्रेस - 12 सीटें
अन्य - 6 सीटें

उत्तरी दिल्ली नगर निगम- 103 सीटें
भाजपा - 60 सीटें
आप - 19 सीटें 
कांग्रेस - 15 सीटें
अन्य -1 सीट

पूर्वी दिल्ली नगर निगम- 63 सीटें
भाजपा - 49 सीट
आप - 9 सीटें 
कांग्रेस - 3 सीटें 
बसपा - 2 सीटें 
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.