ममता ने भाजपा के खिलाफ क्षेत्रीय पार्टियों से एकजुट होने की अपील की

Samachar Jagat | Saturday, 22 Apr 2017 05:42:01 AM
Mamata urges regional parties to unite against BJP

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा का मुकाबला करने के लिए क्षेत्रीय पार्टियों से एकजुट होने की आज अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवा पार्टी ने अपना विरोध करने वालों के खिलाफ ‘प्रतिशोध की राजनीति’ का सहारा लिया है और वह देश को एक ‘खतरनाक रास्ते’ पर ले जाना चाहती है। 

अगले छह साल के लिए तृणमूल कोंग्रस का अध्यक्ष फिर से चुने जाने के कुछ ही देर बाद यहां एक बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘देश में राजनीति के नाम पर जो हो रहा है वह राजनीति नहीं हैं। वक्त का तकाजा है कि सभी क्षेत्रीय पार्टियां एकजुट हों।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं कुछ नहीं चाहती। मैं चाहती हूं कि आप सभी क्षेत्रीय पार्टियां प्रगति करें, मैं आपके समर्थन में हूं। मैं यह संदेश हर पार्टी को दे रही हूं। साथ आइए, एकजुट होइए, मेरी पार्टी आप सब के साथ खड़ी है।’’

ममता ने कहा, ‘‘भाजपा ने प्रतिशोध की राजनीति का सहारा लिया है। वह देश के संघीय ढांचे को तोडऩा चाहती है। भाजपा हमारी पार्टी के खिलाफ है क्योंकि हम लोगों के बारे में बात करते हैं।’’ उन्होंने पार्टी के लोगों से नहीं डरने की अपील करते हुए कहा, ‘‘वे हमारे नेताओं के खिलाफ सीबीआई का इस्तेमाल कर हमें खत्म करना चाहते हैं लेकिन वे लोग खुद ही खत्म हो जाएंगे। तृणमूल कांग्रेस पलटवार करेगी।’’

उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव पर नजरें टिकाते हुए कहा चाहे जो कुछ भी साजिश हो, आप को जमीनी स्तर पर जाना होगा और कार्यकर्ताओं से मिलना होगा। हम हर किसी को साथ लेकर लड़ेंगे।  पार्टी के 12 नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ सीबीआई के मामला दर्ज करने की ओर संभवत इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हम एक संस्था के तौर पर सीबीआई का सम्मान करते हैं लेकिन यह वह सीबीआई नहीं है जिसे हम जानते हैं। इन दिनों सीबीआई एक ऐसा चूहा है, जिसे पालतू बना दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल के नेता सुदीप बंदोपाध्याय को सीबीआई ने गिरफ्तार किया क्योंकि उन्होंने नोटबंदी के खिलाफ बोला था।  ममता ने कहा, ‘‘उन्हें सुदीप को चार महीने जेल में रखा गया। देश में कोई कानून नहीं है।’’ उन्होंने कहा , ‘‘एक पार्टी ने देश में राजनीति को बर्बाद कर दिया। वे करोड़ों रूपये खर्च कर रहे हैं। यह पैसा कहां से आ रहा है।’’

हालांकि, भाजपा ने उनके आरोपों को खारिज कर दिया और दावा किया कि यह तृणमूल कांग्रेस है जो प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा, ‘‘बनर्जी को एहसास हो गया है कि वह जन समर्थन खो चुकी हैं। इसी कारण वह ऐसी बात कर रही हैं।’’ उन्होंने कहा कि हाल ही में रामनवमी की शोभायात्रा लोगों ने निकाली थी, ना कि किसी राजनीतिक पार्टी ने और उन्होंने आरोप लगाया कि इसे राज्य प्रशासन ने रोक दिया था। ‘‘इससे तृणमूल कांग्रेस का प्रतिशोध वाला रूख जाहिर होता है।’’

ममता ने पार्टी के लोगों से सतर्क बने रहने को कहा क्योंकि उनके अनुसार आरएसएस, भाजपा और बजरंग दल के कार्यकर्ता बाहर से राज्य में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। इस आरोप को खारिज करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रमुख दिलीप घोष ने कहा कि वह बांग्लादेश से आतंकी तत्वों को राज्य में आने की इजाजत दे रही हैं। ममता ने हिंदुत्व के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोग सांप्रदायिक दंगे करा रहे हैं। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हर चीज की हद होती है। -(एजेंसी)



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.