कालेधन पर लालू को बोलने का नैतिक अधिकार नहीं :सुशील

Samachar Jagat | Friday, 25 Nov 2016 08:00:43 PM
Lalu no moral right to speak on black money Sushil modi

पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता सुशील कुमार मोदी ने आज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के प्रधानमंत्री पर लगातार किये जा रहे हमलों पर पलटवार करते हुए कहा कि यादव नोटबंदी और काले धन के बारे में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

मोदी ने आज यहां कहा कि चारा घोटाले के सजायफ्ता और जमानत पर जेल से बाहर रह रहे यादव तथा अपने दस वर्षों के शासनकाल में अनेक घोटालों को जन्म देने वाली कांग्रेस को नोटबंदी और कालेधन पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि कालेधन का समर्थन और नोटबंदी का विरोध करने वाले लालू प्रसाद बताएं कि क्या उनके शासनकाल में विभिन्न घोटाले के आरोप में उनके दस से अधिक मंत्रियों को जेल नहीं जाना पड़ा था। क्या वे खुद 700 करोड़ के चारा घोटाले के मामले में सजायफ्ता नहीं हैं। 

भाजपा नेता ने कहा कि जिस लालू यादव ने जानवरों के चारे तक को नहीं छोड़ा, जिनके राज में अलकतरा घोटाला, दवा घोटाला, कीटनाशक घोटाला, भूमि घोटाला समेत कई घोटाले हुए। तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री इलियास हुसैन, पशुपालन मंत्री विद्यासागर निषाद, भोलाराम तूफानी सहित दर्जन भर मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में न केवल इस्तीफा देना पड़ा बल्कि जेल भी जाना पड़ा। इन घोटालों के कारण ही 15 साल तक बिहार में चले‘मियां-बीबी’के राज को ‘घोटालों का राज’ कहा गया। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लालू यादव आज उस कांग्रेस के साथ खड़े होकर कालेधन का समर्थन और नोटबंदी का विरोध कर रहे हैं जिसके 10 वर्षों के शासनकाल में टूजी स्पैक्ट्रम घोटाला, कोयला घोटाला, आदर्श हाउभसग घोटाला के जरिए हजारों-लाखों करोड़ के भ्रष्टाचार किया। 
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.