चुनाव के समय वादों की झड़ी लगा देते हैं केजरीवाल, फिर हो जाते हैं गायब : शाह

Samachar Jagat | Saturday, 25 Mar 2017 03:44:51 PM
Kejriwal foreshadows promises during elections disappears again: Shah

नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अगले माह होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले प्रदेश की केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 3 वर्ष में मोदी सरकार पर एक भी आरोप नहीं लगा जबकि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार में दिल्ली में भ्रष्टाचार फलफूल रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली से जो वादे किए थे, उन्होंने वह वादे क्यों नहीं निभाए।

उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री से सवाल किया कि महिलाओं की सुरक्षा का क्या हुआ? शाह ने आरोप लगाया कि दिल्ली में जितना भ्रष्टाचार आप पार्टी ने इतने कम समय में किया है, उतना भ्रष्टाचार किसी सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब चुनाव का मौसम आता है तो केजरीवाल वादों की झड़ी लगा देते हैं, लेकिन उसके बाद उनको दिल्ली वाले ढूंढते रह जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की महिलाओं की सुरक्षा के लिए तीन पेज के वादे किए थे लेकिन उनमे से कोई वादा पूरा नहीं किया।शाह ने कहा कि केजरीवाल ने चुनाव में वादे तो दिल्ली की जनता से किए लेकिन वे कभी गोवा में तो कभी पंजाब में मिले। केजरीवाल पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आप के कार्यकाल में जल बोर्ड में भी घोटाला हुआ।

मंत्री फर्जी डिग्री मामले में आरोपी बनाये जाते हैं, प्रदेश सरकार के मंत्री पर बलात्कार के आरोप लगते हैं। एक के बाद एक आप के 13 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज होते हैं, कई विधायक जेल जाते हैं। लेकिन आप पार्टी अपने इन विधायकों पर कोई कार्रवाई नहीं करती।

उन्होंने कहा कि अगर आप में जरा भी नैतिकता बची है तो वह अपने 13 विधायकों पर कार्रवाई करें। शाह ने कहा कि केजरीवाल ने 13 वादे किए लेकिन तीन वादे भी पूरे नहीं किए। केजरीवाल हर जगह हारने का रिकॉर्ड बना रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि हम 2019 में अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जाएंगे, अपना काम लेकर जाएंगे जो हमने जनता से किए। हमने अपने वादे पूरे किए।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.