जेटली को रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार

Samachar Jagat | Monday, 13 Mar 2017 04:58:51 PM
Jaitley additional charge of the Ministry of Defense

नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरुण जेटली को मोदी सरकार में दूसरी बार रक्षा मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। गोवा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद जेटली को रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।  मई 2014 में मोदी सरकार के गठन के समय भी इस मंत्रालय का प्रभार उन्हीं को दिया गया था। नवंबर 2014 में पर्रिकर के रक्षा मंत्री बनने तक वह इस मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे थे। 

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर तत्काल प्रभाव  से केंद्रीय मंत्रिमंडल से मनोहर पर्रिकर का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। वित्त मंत्री अरुण जेटली को उनके मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ रक्षा मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है।

पर्रिकर मंगलवार को गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। रक्षा मंत्री के रूप में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से पहले भी पर्रिकर गोवा के मुख्यमंत्री थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय बोर्ड ने रविवार को उन्हें राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाने की मंजूरी दी थी। 

शनिवार को घोषित चुनाव परिणाम में गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 13 सीटें हासिल हुई थीं। पार्टी ने दावा किया है कि उसे 21 सदस्यों का समर्थन हासिल है। वहीं, 17 सीटों के साथ कांग्रेस राज्य में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। पर्रिकर ने कल गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। 
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.