मोदी की पसंद हुकुमदेव नारायण यादव हो सकते है देश के अगले उपराष्ट्रपति!

Samachar Jagat | Friday, 24 Mar 2017 12:21:24 PM
Hukumdev Narayan Yadav of Modi's choice can be next Vice President of  country!

नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म हो चुके है। सभी राज्यों में नई सरकारों ने अपना काम काज संभाल लिया है और निर्णय लेने का दौर भी शुरू हो चुका है।

अब बात करे राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव की तो ये चुनाव जुलाई में होने तय है। इन चुनावों में भाजपा अपने बहुमत के नाते अपनी पंसद का राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनेगी। इस साल उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल खत्म हो रहा है। अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा? इसको लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।

ऐसी खबर सामने आ रही है कि बिहार से भाजपा सांसद हुकुमदेव नारायण यादव अगले उपराष्ट्रपति चुने जा सकते है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एनडीए अपना उम्मीदवार हुकुमदेव नारायण यादव को बनाने जा रही है।

बताया जा रहा है कि पीएम मोदी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में उनके नाम पर आम राय बन गई है। वर्तमान उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल जुलाई में खत्म होगा। 

वहीं राष्ट्रपति के लिए लालकृष्ण आडवाणी का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि चुनावों में अभी 3 महीने का समय बाकी है, और इस पर निर्णय लेने में अभी समय लगना तय है।

कौन है हुकुमदेव

हुकुमदेव नारायण यादव बिहार के मधुबनी से सांसद हैं। वह पांचवीं बार लगातार चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं। यादव का नाम एनडीए उम्मीदवार के तौर पर लगभग तय है। यादव अपने राजनीतिक करियर में लंबे वक्त तक समाजवादी रहे हैं।

समाजवादी संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी से शुरुआत कर वह सोशलिस्ट पार्टी और फिर भारतीय लोक दल में रहे। इसके बाद वह जनता पार्टी में शामिल हो गए। 1960 में यादव पहली बार ग्राम प्रधान चुने गए जबकि 1967 में पहली बार विधायक बने।

1977 में वो पहली बार सांसद चुने गए। हुकुमदेव नारायण यादव 1993 में भाजपा में शामिल हुए। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भी यादव केंद्र में मंत्री रह चुके हैं। 

मोदी की पहली पसंद है हुकुम देव

हुकुमदेव के भाषणों की तारीफ पीएम मोदी भी करते हैं। जिस तरह वह राहुल गांधी पर बिहारी अंदाज में हमले करते हैं, मोदी को वह पसंद हैं। जब भी हुकुमदेव यादव लोकसभा में अपनी बात रखते हैं, पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठता है। 

अपने अनूठी शैली और धारदार तर्कों की वजह से हुकुमदेव की लोकप्रियता हाल के दिनों में तेजी से बढ़ी है।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.