गुजरात में पिता के सामने दो किशोरियों से सामूहिक बलात्कार, पांच आरोपी गिरफ्तार

Samachar Jagat | Friday, 17 Mar 2017 06:10:02 AM
Gangrape rape, five accused arrested in Gujarat in front of father in Gujarat

गुजरात। गुजरात में दाहोद जिले की देवगढ़ बारिया तहसील में एक शर्मनाक घटना में एक चलती गाड़ी में दो किशोरियों के साथ छह लोगों ने उनके पिता के सामने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि अपहरण और बलात्कार के मामले में शामिल बताये जा रहे 13 लोगों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने कहा कि कुमात बारिया, गोपसिंह बारिया और अन्य लोगों ने भूतपगला गांव में 13 और 15 साल की उम्र की दो बहनों को अगवा किया और उनके पिता को भी उनकी दुकान से अगवा कर उन्हें एसयूवी में बिठा लिया तथा लड़कियों का बलात्कार किया। पीडि़ता के पिता ने प्राथमिकी में कहा कि दो मोटरसाइकिल पर सवार चार आरोपी गाड़ी के पीछे रहे।

पुलिस ने बताया कि कुमात बारिया ने दोनों पीडि़ता के पिता से कथित तौर पर कहा कि उसने बदला लेने के लिए इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया है। पीडि़त का बेटा शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार हुआ था और उसने पुलिस को बताया था कि वह कुमात से शराब खरीदता था। इसके बाद पुलिस ने कुमात के खिलाफ एक मामला दर्ज किया था।

प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी ने बाद में दोनों किशोरियों और उनके पिता को मंडव गांव के समीप उतार दिया और उन्हें पुलिस के पास ना जाने की धमकी दी। पुलिस ने लड़कियों को इलाज के लिए देवगढ़ बारिया में एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। उप निरीक्षक डीजी रावल ने कहा कि इस घटना के संबंध में कुमात बारिया, गणपत बारिया, नरवत बारिया, सुरेश नाइक और गोपसिंह बारिया को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आईपीसी और पोस्को कानून की विभिन्न धाराओं के तहत 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। -(एजेंसी)



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.