भारी कर्ज के बावजूद शिवराज कर रहें जनता के 100 करोड़ रुपया लुटाने की तैयारी: कांग्रेस

Samachar Jagat | Saturday, 26 Nov 2016 10:08:37 PM
congress alleged shivraj government in huge debt despite of westing 100 million rupees

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने आज आरोप लगाया कि प्रदेश पर डेढ़ लाख करोड़ रुपये का भारी कर्ज होने के बावजूद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के 11 वर्ष पूरे करने के मौके पर प्रदेश में उत्सव मनाकर जनता की गाढ़ी कमाई के 100 करोड़ से ज्यादा रुपये लुटाने की तैयारी कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने मुख्यमंत्री चौहान को लिखे पत्र में आज कहा, ''11 साल के मुख्यमंत्रित्व काल के अवसर पर आप राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान पर बड़ा जलसा चार दिसंबर को करने जा रहे हैं। इसमें सात लाख से ज्यादा लोगों को सरकारी खर्च पर भोपाल लाया जा रहा है। दोनों वक्त उन्हें भोजन दिया जायेगा। प्रदेश के हर जिला मुख्यालय 51 जिले पर बड़ी स्क्रीन्स लगवाकर लोगों को सामने एक बार फिर आंकड़ों की बाजीगरी करने वाले हैं।

मीडिया को आज शाम को जारी इस पत्र में यादव ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया, ''इस प्रकार कुल जमा एक दिन के इस जलसे पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई लुटाने की आपकी तैयारी है। उन्होंने पत्र में मुख्यमंत्री से सवाल किया, ''मध्यप्रदेश डेढ़ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के कर्ज में है, ऐसे में जंबूरी मैदान का यह आयोजन क्या सादगी से नहीं किया जा सकता है और क्या इस पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च करना उचित है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नोटबंदी की वजह से ग्रामीण जनता, किसान और आम जनता परेशान है। क्या यह राशि उसके जख्मों पर मलहम लगाने के लिये खर्च नहीं की जा सकती है।

यादव ने पूछा कि यह जलसा सरकारी खर्च पर ही क्यों आयोजित किया जा रहा है। पार्टी फंड से इस तरह के आयोजन क्यों नहीं किये जाते। कांग्रेस ने चौहान से सवाल किया कि क्या आयोजन पर व्यय होने वाली राशि का ब्यौरा विधानसभा के सामने रखकर आदर्श पेश करने की हिम्मत दिखायेगें।
भाषा



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.