MCD में मिला भाजपा को दो तिहाई बहुमत

Samachar Jagat | Wednesday, 26 Apr 2017 08:03:57 PM
BJP gets two-third majority in MCD

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव (एमसीडी)में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगा दी है। भाजपा ने तीन नगर निगमों (उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली) के 270 वार्डों के हुए चुनाव में 184 सीटों पर कब्जा जमाकर दो तिहाई बहुमत हासिल किया है। भाजपा को उत्तरी दिल्ली में 65, दक्षिणी दिल्ली में 71 और पूर्वी दिल्ली में 48 सीटें मिली हैं। 

वहीं 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में 67 सीटों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी 45 सीटों के साथ दूसरे नंबर की पार्टी बन गई है। कांग्रेस को 30 सीटों पर संतोष करना पड़ा जबकि अन्य के खाते में केवल 11 सीटें ही आई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत के लिए दिल्ली की जनता का आभार जताया है। दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा को मिली भारी जीत को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने सुकमा के शहीदों को समर्पित किया। एक बार फिर से एमसीडी चुनाव में मिली हार का ठीकरा आम आदमी पार्टी ने ईवीएम पर फोड़ा है।

आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी को जो जीत मिली है वो ईवीएम लहर से ही संभव है। वहीं दिल्ली कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजय माकन ने एमसीडी चुनाव में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि एक साल तक वे कांग्रेस के आम वर्कर की तरह काम करेंगे।

एमसीडी चुनावों के परिणामों में बीजेपी को बहुमत मिलने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली की जनता ने बहानों और आरोपों की राजनीति को नकार दिया है। इस जीत के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा का बधाई दी है।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.