जयललिता को श्रद्धांजलि देने उमड़े राजनीति दल

Samachar Jagat | Tuesday, 06 Dec 2016 11:56:18 AM
As a tribute to J Jayalalithaa political party descended

नई दिल्ली/चेन्नई। तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे.जयललिता के निधन पर देशभर में लोग सदमे में हैं। उन्हें आम आदमी से लेकर नेता और अभिनेता सभी श्रद्धांजलि देने के लिए जुटे हैं। जयललिता का सोमवार रात 11.30 बजे अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था। वह 22 सितंबर से अस्पताल में भर्ती थी। जयललिता के पार्थिव शरीर को मंगलवार को पोएस गार्डन ले जाया गया। रीति-रिवाजों के बाद तिरंगे में लिपटे उनके शरीर को राजाजी सभागार ले जाया गया जहां लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। जयललिता के विश्वासपात्र शशिकला नटराजन उनके पार्थिव शरीर के पास खड़े रहे।

एआईएडीएमके के सांसद और विधायकों सहित अन्य पार्टी के अधिकारी भी राजाजी सभागार में थे। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम.वेकैंया नायडू, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम, राज्य में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष एस.तिरुनावुक्कारसर, फिल्मी सितारे प्रभु, भाजपा नेता एच.राजा और अन्य ने श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जयललिता को श्रद्धांजलि दी।  राष्ट्रपति ने कहा जयललिता जी के निधन पर गहरा दुख है। मैं कई सालों से उन्हें जानता था। जब मैं सदन का नेता था तब वह पहली बार राज्यसभा में आईं थीं। केंद्र सरकार ने जयललिता के निधन पर एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया। राष्ट्रपति भवन पर लगा तिरंगा झुकाया गया।

मायावती ने शोक प्रकट किया

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने मंगलवार को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन पर शोक प्रकट किया। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी की ओर से जारी एक संदेश में दिवंगत ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (एआईएडीएमके) नेता को ऐसी मशहूर, दूरदर्शी और योग्य प्रशासक बताया, जिन्होंने गरीबों, पिछड़ों और समाज के वंचित वर्ग के लिए काम किया। मायावती ने जयललिता के प्रशंसकों, समर्थकों और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

जयललिता एक प्रतिष्ठित नेता थीं : स्टालिन

द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (डीएमके) पार्टी के नेता एम.के.स्टालिन ने तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे.जयललिता के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें एक प्रतिष्ठित और साहसी नेता बताया। स्टालि ने ट्वीट कर कहा, हमारी मुख्यमंत्री जयललिता के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। इस दुखी की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हैं। स्टालिन ने एक अन्य ट्वीट में कहा, वह एक प्रतिष्ठित और साहसी नेता थीं। यह तमिलनाडु के लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

नीतीश, लालू ने शोक जताया

तमिलनाडु की मुख्यमंत्री ज़े जयललिता के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने दुख जताया है। जयललिता के निधन पर बिहार में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। जयललिता के निधन को नीतीश कुमार ने दुखद बताते हुए कहा, तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता जी का निधन दुखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। बिहार में एक दिन का राजकीय शोक घोषित। जयललिता के निधन को लेकर बिहार में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है।

राजद प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी जयललिता के निधन पर शोक जताया। लालू ने ट्वीट कर कहा, देश को उनके जैसे गरीबों के हक के लिए लडऩे वाली मजबूत नेता की कमी खलेगी। अम्मा एक लोकप्रिय, निर्भीक और मजबूत नेता थीं। बिहार के कई अन्य पार्टी के नेताओं ने भी जयललिता के निधन पर शोक जताया है।

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जयललिता के निधन पर शोक प्रकट करते हुए ट्वीट किया, अम्मा के निधन के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। बेहद बेहद लोकप्रिय नेता। आम आदमी की नेता। उनकी आत्मा को शांति मिले।

 



 
loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.