अरूण जेटली ने रक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला

Samachar Jagat | Tuesday, 14 Mar 2017 01:07:15 PM
Arun Jaitley takes charge of Defense Minister

नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरूण जेटली ने मंगलवार को रक्षा मंत्री का कार्यभार संभाल लिया, उन्हें मनोहर पर्रिकर के स्थान पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है जिन्होंंने गोवा का मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद रक्षा मंत्री का पद छोड़ दिया था। जेटली ने यहां साउथ ब्लाक में लगभग सवा ग्यारह बजे रक्षा मंत्री का अतिरिक्त प्रभार संभाला।

 जेटली इससे पहले भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के वर्ष 2014 में सत्ता में  आने के बाद रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उस वक्त भी उन्हें वित्त मंत्रालय के साथ रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। पर्रिकर ने सोमवार को रक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।

गोवा विधानसभा चुनाव के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के मद्देनजर पार्टी ने राज्य में दो अन्य दलों के साथ गठबंधन किया है और पर्रिकर को गठबंधन सरकार की बागडोर संभालने को कहा है।

पर्रिकर रक्षा मंत्री बनने से पहले गोवा में भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री थे। इस तरह पर्रिकर की रक्षा मंत्री के तौर पर दो वर्ष से कुछ अधिक लंबे कार्यकाल के बाद एक बार फिर गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में तटवर्ती राज्य में वापसी हो रही है।



 
loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.