अखिलेश यादव ने की हार की समीक्षा, मुलायम, शिवपाल और आजम रहे नदारद

Samachar Jagat | Saturday, 25 Mar 2017 02:50:42 PM
Akhilesh Yadav's review of defeat, Mulayam, Shivpal and Ajam

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव, मोहम्मद आजम खां और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव की गैरमौजूदगी में शनिवार को हुई सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आगामी 30 सितम्बर से पहले पार्टी अध्यक्ष के चुनाव का निर्णय लिया गया। सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बैठक के बाद मीडिया को बताया कि कार्यकारिणी ने 30 सितम्बर से पहले पार्टी अध्यक्ष के चुनाव का फैसला लिया है।

तमाम विवादों के बीच गत एक जनवरी को पार्टी के आपात सम्मेलन में यहां जनेश्वर मिश्र पार्क में मुलायम सिंह यादव को हटाकर अखिलेश यादव को अध्यक्ष चुन लिया गया था। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती के इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर उठाए गए सवाल का समर्थन करते हुए मांग की कि इसकी जांच कराए बगैर लोकसभा का चुनाव ईवीएम से न कराया जाए।

लोकसभा का चुनाव मतपत्रों के जरिए कराएं जाएं। ईवीएम पर जब सवाल उठ ही गया है तो इसकी जांच हो ही जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने उन्हें शपथ पत्र तक देने को कहा। ऐसे लोगों का कहना है कि वोट उन्होंने सपा को ही दिया है। यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के कारणो की समीक्षा विधानसभा क्षेत्रवार की जा रही है। यादव ने बताया कि 15 अप्रैल से दो महीने तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। बूथ स्तर तक पार्टी से युवाओं को जोडा जाएगा। पार्टी संविधान में बदलाव का भी निर्णय लिया गया है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि योगी सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक का वह इन्तजार कर रहे हैं। मंत्रिमंडल की पहली बैठक में कई लोकलुभावन निर्णय लिये जाने की घोषणा की गई थी। उन्होंने कटाक्ष किया कि सरकार तो अभी झाडू लगा रही है। उन्हें तो पता ही नहीं था कि अधिकारी इतना अच्छा झाडू लगाते हैं। एंटी रोमियो अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 1090 का नाम हटाकर एंटी रोमियो किया गया है।

एंटी रोमियो अभियान में कई जगह सही लोगों को भी परेशान किया जा रहा है जबकि उनकी सरकार में शुरु किए गए 1090 लडकियों के लिए बेहद लाभदायक योजना है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को बहका ले गई है। जल्दी ही जनता इन्हें समझ जाएगी। उनका कहना था कि इस चुनाव से उन्हें पता चल गया है कि समझाने से नहीं बहकाने से वोट मिलता है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2022 में उनकी सरकार वापस आएगी। सरकार आने पर मुख्यमंत्री निवास पांच कालीदास मार्ग को गंगाजल से धुलवाया जाएगा।

उनसे पूछा गया था कि योगी मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर हवन पूजन करा रहे हैं। यादव ने कहा कि योगी उम्र में उनसे भले ही एक साल बडे हैं, लेकिन काम में वह मुकाबला नहीं कर सकते। उन्होंने बहुत काम करवाया है। बैठक में राज्यसभा सदस्य प्रो.रामगोपाल यादव, जया बच्चन, पार्टी उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, नरेश अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम आदि मौजूद थे।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.