अखिलेश ने की सपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील

Samachar Jagat | Thursday, 16 Feb 2017 06:05:25 AM
Akhilesh won an appeal of the SP candidates

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की लोगों से अपील की।

यादव आज लखनऊ के चन्द्रावल में सरोजनीनगर, विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार अनुराग यादव के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाथ समाजवादी पार्टी के साथ आने से साइकिल की रफ्तार बढ़ गई है। इसके पहले उन्होंने उन्नाव के बांगरमऊ से प्रत्याशी बदलू खां और रायबरेली के सरेनी क्षेत्र से प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह को विजयी बनाने की जनता से अपील की। उन्होंने दूसरे चरण में भी सपा को मिल रहे समर्थन के लिए जनता को धन्यवाद दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मादी की आलोचना करते हुए कहा कि वह रेडियो और टी.वी. पर कई सालों से मन की बात कर रहे है लेकिन जनता उनके मन की बात नहीं समझ पाई है। मोदी अब मन की बात छोडक़र काम की बात करें। नोटबंदी के फैसले से अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी(बसपा) को आडे हाथों लेकर कहा कि पत्थर वाली सरकार जनता को धोखा दे रही है और लोग अब उसके बहकावे में आने वाले नहीं हैं। पहले चरण में ही बसपा ने हार मान ली है और वह अब विपक्ष में बैठने को तैयार है।

यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोगों को गुमराह किया है। सुना है केन्द्र सरकार विदेश से गेहूं खरीदने जा रही है और आयात शुल्क खत्म करने से किसानों को नुकसान होगा। समाजवादी सरकार किसानों की चिंता करती है। हमने किसानों का कर्ज माफ किया, मुफ्त सिंचाई की। उनकी सरकार कन्नौज में आलू मंडी बनाने जा रहे है ताकि किसानों को फायदा हो। बाबा रामदेव को भी जमीन दी है ताकि वह प्रदेश में किसानों से अनाज खरीदें। सपा अध्यक्ष ने कहा कि हर महिला को पेंशन दी जायेगी। उन्होंंने कहा कि पहले छात्र-छात्राओं को लैपटाप दिया और अब स्मार्टफोन देंगे। स्कूली बच्चों को बैग, बर्तन दिए, आने वाले समय में बच्चों को एक किलों घी और मिल्क पाउडर देंगे।

उन्होंने कहा लखनऊ को खूबसूरत बनाने का काम समाजवादी पार्टी ने किया है। यहां मेट्रो है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम है। गोमती तट का सौंदर्यीकरण किया गया है। पुराने लखनऊ में गलियों, तालाबों और पुरानी इमारतों को सुधार कर उन्हें खूबसूरत बनाया गया है। समाजवादी पार्टी जन सुविधाओं को बढ़ाने का हर संभव प्रयास करेगी। लखनऊ में आई.टी. हब, कैंसर अस्पताल और जनेश्वर मिश्र पार्क जैसे निर्माण भी हुए हैं। -(एजेंसी)



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.