अखिलेश-राहुल ने जताया यूपी में जीत का भरोसा

Samachar Jagat | Monday, 27 Feb 2017 08:11:31 PM
Akhilesh-Rahul expressed confidence victory in UP

गोरखपुर। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश में सपा की गठबंधन सरकार बनने का दावा किया।


मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अब तक 5 चरणों के चुनावों की चर्चा करते हुए कहा कि जनता ने प्रदेश में विकास के मुद्दे को अहम मानते हुए एक बार फिर समाजवादी सरकार बनाने का रूझान दिखाया है। 


उन्होंने भाजपा और बीएसपी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि धर्म और जाति के नाम पर चुनाव लडऩे वाली इन दोनों पार्टियों को जनता ने नकारने का संकल्प लिया है। भाजपा धार्मिक बिन्दुओं को चुनावी केन्द्र में लाकर अपनी सरकार बनाने के लिए अनर्गल प्रलाप कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी युवाओं और प्रदेश के हर वर्ग के लोगों को उनका उचित सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए कृतसंकल्प है।


अखिलेश ने अपनी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि अगर जनता का साथ मिला तो लोगों को और अधिक सुविधाएं प्रदान की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर में एम्स की स्थापना के लिए उनकी सरकार ने पहले ही जमीन उपलब्ध करा दी, लेकिन अब मोदी बताए कि कब उसका निर्माण कार्य शुरू होगा। 


कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने मोदी और भाजपा दोनों को सबक सिखाने के लिए सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। गांधी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में भाजपा की सरकार ने एक भी विकास का कार्य अगर जमीनी स्तर पर किया हो तो वह बिन्दुवार जनता को बताए।

उन्होंने कहा कि एक भी कार्य से अगर जनता को लाभ पहुंचा हो तो वह अपनी सभाओं में साफ और सच बोलकर वोट मांगे। उन्होंने 15 लाख खाते में आने, नोट बन्दी से काले धन को इकट्ठा करने और दागदारों को जेल में भेजने का दावा किया था, लेकिन सब का सब धरा रह गया। 
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.