आईपीएल 10 : हैदराबाद ने पंजाब को 208 रन का लक्ष्य दिया

Samachar Jagat | Friday, 28 Apr 2017 10:02:04 PM
IPL 10 : Sunrisers Hyderabad set target of 208 runs for Kings XI Punjab

मोहाली। शिखर धवन और कप्तान डेविड वार्नर के अर्धशतकों और दोनों के बीच पहले विकेट की शतकीय साझेदारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच (आईपीएल) में शुक्रवार को यहां किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ तीन विकेट पर 207 रन बनाए।

धवन ने 77 जबकि वार्नर ने 51 रन की पारी खेलने के अलावा पहले विकेट के लिए 107 रन भी जोड़े। केन विलियमसन ने भी अंत में 27 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए।

पंजाब की ओर से कप्तान ग्लेन मैक्सवेल सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 29 रन देकर दो विकेट चटकाए। मोहित शर्मा ने तीन ओवर में 34 रन देकर एक विकेट हासिल किए। इशांत शर्मा और केसी करियप्पा ने चार-चार ओवर में क्रमश 41 और 42 रन लुटाए जबकि दोनों को ही विकेट नहीं मिले।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स की टीम को वार्नर और धवन ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावर प्ले में 60 रन जोड़े। धवन ने शुरुआत में तेजी दिखाई। उन्होंने अनुरीत पर लगातार दो चौके जडऩे के बाद इशांत शर्मा का स्वागत छक्के के साथ किया।

वार्नर ने भी बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के लगाए लेकिन अगली गेंद पर वह भाग्यशाली रहे जब विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने उनका कैच टपका दिया।

वार्नर ने इसके बाद लेग स्पिनर केसी करियप्पा और ग्लेन मैक्सवेल पर भी छक्के मारे और फिर अनुरीत पर लगातार दो छक्के जड़े।

वार्नर ने मैक्सवेल की गेंद पर एक रन के साथ 25 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और नौवें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया। धवन ने भी अगली गेंद पर एक रन के साथ 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। मैक्सवेल ने हालांकि ओवर की अंतिम गेंद पर वार्नर को बोल्ड कर दिया। वार्नर ने 27 गेंद की पारी में चार छक्के और इतने ही चौके मारे।

धवन और केन विलियमसन ने इसके बाद दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। विलियमसन ने अक्षर पर छक्का जड़ा। धवन ने मोहित पर चौका मारा लेकिन अगली गेंद पर मिडविकेट पर मैक्सवेल को कैच दे बैठे। उन्होंने 48 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके और एक छक्का मारा।

युवराज सिंह 12 गेंद में 15 रन बनाने के बाद मैक्सवेल का शिकार बने।

विलियमसन ने 19वें ओवर में इशांत पर दो चौके और एक छक्के से 20 रन बटोरे। मोइजेस हेनरिक्स नाबाद 07 ने मोहित के अगले ओवर में दो रन के साथ टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। विलियमसन ने चौके के साथ 26 गेंंद में अर्धशतक पूरा किया।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.