आईपीएल 10 : पुणे ने रोका मुंबई विजय अभियान

Samachar Jagat | Monday, 24 Apr 2017 11:57:02 PM
IPL 10: Rising Pune Supergiants beat Mumbai Indians by 3 runs

मुंबई। कप्तान रोहित शर्मा का अर्धशतक भी मुंबई इंडियंस की जीत की लय कायम रखने के लिए काम नहीं आ सका और टीम सोमवार को यहां अपने घरेलू मैदान पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स से इस दसवें चरण के दूसरे मैच में तीन रन से पराजित हो गई।

मुंबई को अपने शुरुआती मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स से सात विकेट से हार मिली थी, लेकिन इसके बाद से उसने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए लगातार छह जीत दर्ज की लेकिन आज इस हार से उसकी जीत की लय टूट गई। मुंबई आठ मैचों में छह जीत से 12 अंक लेकर अब भी तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है, वहीं पुणे सात मैचों में चार जीत से आठ अंक लेकर चौथे स्थान पर है।

मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने छह विकेट गंवाकर 160 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। उसके लिए राहुल त्रिपाठी ने 31 गेंद में 45, अजिंक्य रहाणे ने 38 और अंत में मनोज तिवारी ने 22 रन की उपयोगी पारी खेली।

जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम कप्तान रोहित शर्मा की 39 गेंद में 58 रन की पारी के बावजूद 20 ओवर में आठ विकेट पर 158 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई की टीम सचिन तेंदुलकर को उनके 44वें जन्मदिन पर जीत का तोहफा नहीं दे सकी।

अंतिम दो ओवर में मुंबई को 24 रन की दरकार थी, टीम ने 19वें ओवर में सात रन जुटाए। अब छह गेंद में उसे जीत के लिए 17 रन चाहिए थे। जयदेव उनादकट 40 रन देकर दो विकेट की पहली गेंद पर हार्दिक पंड्या 13 आउट हुए, दूसरी गेंद पर रोहित ने गगनदाई छक्का जड़ा, तीसरी गेंद में कोई रन नहीं, चौथी गेंद पर उनादकट ने रोहित का कैच लपककर उन्हें आउट किया, पांचवीं गेंद पर मिशेल मैकलेनगन रन आउट हुए, छठी गेंद पर हरभजन सिंह ने छक्का जड़ा।

मुंबई ने सलामी बल्लेबाज जोस बटलर 17 और अपने भरोसेमंद नीतिश राणा 03 के विकेट जल्द ही गंवा दिए।

नौंवे ओवर की अंतिम गेंद पर सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल 27 गेंद में 33 रन, चार चौके वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर बोल्ड हो गए और स्कोर तीन विकेट पर 60 रन था।

कर्ण शर्मा ने कप्तान रोहित के साथ तेजी से रन जुटाने के प्रयास में पारी का पहला छक्का इमरान ताहिर की गेंद को लांग ऑन में भेजकर लगाया। लेकिन अगले ओवर में बेन स्टोक्स 21 रन देकर दो विकेट ने बोल्ड करके उनकी 11 रन की संक्षिप्त पारी समाप्त कर दी। कीरोन पोलार्ड के आउट होने के बाद रोहित ने इस सत्र में अपना पहला अर्धशतक बनाया।

इससे पहले पुणे की टीम ने छह विकेट पर 160 रन का स्कोर खड़ा किया।

कृणाल पंड्या के चोटिल होने के कारण आज कर्ण को अंतिम एकादश में शामिल किया गया जिन्होंने 39 रन देकर त्रिपाठी और रहाणे के अहम विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने 29 रन देकर दो जबकि हरभजन और मिशेल जानसन को एक एक विकेट मिला।

सलामी बल्लेबाज रहाणे ने पहले ही ओवर की आखिरी गुडलेंथ गेंद को छक्के के लिए भेजकर अच्छी शुरुआत की। वह और त्रिपाठी सहजता से खेल रहे थे, इस दौरान टीम ने 6.2 ओवर में 50 रन पूरे किए।

कर्ण ने टीम को पहली सफलता रहाणे का विकेट दिलाकर हासिल की। उन्होंने अपनी ही गेंद पर कैच लपकर रहाणे की 32 गेंद की पारी का अंत किया, जिसमें पांच चौके और एक छक्का जड़ा था।

इस तरह रहाणे और त्रिपाठी के बीच 9.3 ओवर में 76 रन की साझेदारी भी टूट गई। रहाणे के आउट होने के बाद त्रिपाठी ने हालांकि रन गति को कम नहीं होने दिया और दो गेंद बाद डीप मिडविकेट पर गगनचुंबी छक्का जड़ा।

हरभजन 20 रन देकर एक विकेट ने कसी गेंदबाजी की, जिससे उनके तीन ओवर में महज 16 रन ही जुड़े।

त्रिपाठी इसके बाद ज्यादा देर नहीं टिक सके और कर्ण का ही शिकार बने, जिनकी गेंद पर पोलार्ड ने भागते हुए लांग ऑफ पर कैच लपका। त्रिपाठी ने तीन चौके और दो छक्के जमाए।

महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर उतरे, अगली ही गेंद पर हरभजन ने डीप स्क्वायर लेग पर पुणे के कप्तान स्टीव स्मिथ का कैच छोड़ दिया, हालांकि इस गेंदबाज ने इसकी भरपाई अगले और अपने अंतिम ओवर में स्मिथ 12 गेंद में 17 रन, दो चौके को बोल्ड करके की और उन्होंने जोर से चिल्लाकर इस खुशी को भी जाहिर किया क्योंकि यह उनका टी20 क्रिकेट में 200वां विकेट भी था।

जानसन की 17वें ओवर की पहली गेंद बेन स्टोक्स 17 के लेग स्टंप उखाड़ गई। तिवारी ने आते ही दो गेंद पर दो चौके जड़ दिए।

लेकिन बुमराह ने अगले ओवर में धोनी को बोल्ड कर किया, जिससे पुणे का स्कोर पांच विकेट पर 138 रन हो गया।

तिवारी ने अंतिम ओवर में बुमराह की पहली दो गेंद पर चौके जमाए लेकिन वह एक गेंद बाद बोल्ड हो गए जिससे उनकी 13 गेंद में चार चौके से 22 रन की उपयोगी पारी का अंत हुआ।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.