आईपीएल 10 : उथप्पा और गंभीर ने केकेआर को दिलाई शानदार जीत

Samachar Jagat | Wednesday, 26 Apr 2017 11:37:17 PM
IPL 10: Kolkata Knight Riders beat Rising Pune Supergiants by 7 wickets

पुणे। राबिन उथप्पा 87 और कप्तान गौतम गंभीर 62 के बीच दूसरे विकेट की 158 रन की साझेदारी की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बुधवार को राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को सात विकेट से हराकर आईपीएल की अंकतालिका में पहले स्थान पर कब्जा कर लिया।

जीत के लिए 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दो बार की चैम्पियन केकेआर ने शुरू ही आक्रामक रुख अपनाया और 11 गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की। विकेटकीपर बल्लेबाज उथप्पा खास तौर पर काफी आक्रामक दिखे जिन्होंने सिर्फ 47 गेंद में सात चौकों और छह छक्कों की मदद से 87 रन बनाए। कप्तान गंभीर ने उनका बखूबी साथ देते हुए 46 गेंद में 62 रन बनाए जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था।

केकेआर ने पहला विकेट सुनील नारायण के रूप में गंवाया जो 16 रन बनाकर तीसरे ओवर में रन आउट हुए। उस समय स्कोर बोर्ड पर 20 रन ही टंगे थे लेकिन इसके बाद उथप्पा और गंभीर ने संभलकर खेला। उथप्पा 17वें ओवर में जयदेव उनादकट की गेंद पर लांग ऑफ में बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में राहुल त्रिपाठी को कैच दे बैठे। उस समय केकेआर को 20 गेंद में पांच रन की जरूरत थी। कप्तान गंभीर 18वें ओवर में डेनियल क्रिस्टियन की गेंद पर शरदुल ठाकुर को कैच दे बैठे।

डेरेन ब्रावो ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर ठाकुर को चौका जडक़र जीत की औपचारिकता पूरी की।

इस जीत के साथ केकेआर आठ मैचों में 12 अंक लेकर अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं पिछले तीन मैच जीतकर चौथे स्थान तक पहुंची पुणे सुपरजाइंट्स आठ मैचों में आठ अंक लेकर चौथे स्थान पर कायम है।

इससे पहले स्टीव स्मिथ ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए नाबाद 51 रन बनाकर राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को पांच विकेट पर 182 रन तक पहुंचाया। स्मिथ ने अर्धशतक 37 गेंद में चार चौकों और एक छक्के की मदद से पूरा किया।

स्मिथ के अलावा अजिंक्य रहाणे 41 गेंद में 46 रन , राहुल त्रिपाठी 23 गेंद में 38 रन , महेंद्र सिंह धोनी 11 गेंद में 23 रन ने भी योगदान दिया। बाएं हाथ के चाइनामैन कुलदीप यादव ने केकेआर के लिए 31 रन देकर दो विकेट लिए।

पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई पुणे के लिए सलामी बल्लेबाज त्रिपाठी ने आक्रामक शुरुआत की जबकि अनुभवी रहाणे ने उनका बखूबी साथ दिया। लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे त्रिपाठी ने खुलकर शॉट खेले और किस्मत ने भी उनका साथ दिया।

पहले पारी की पांचवीं गेंद पर उन्हें जीवनदान मिला जब विकेटकीपर राबिन उथप्पा ने स्टम्पिंग का मौका गंवाया। इसके बाद युसूफ पठान ने सातवें ओवर में लांग ऑन पर उनका कैच टपकाया।

त्रिपाठी ने छठे ओवर में सुनील नारायण को तीन चौके जडक़र 15 रन लिए।

त्रिपाठी को पीयूष चावला ने शानदार गुगली पर बोल्ड किया। उनके आउट होने से पुणे की रनगति पर कोई असर नहीं पड़ा। इसके बाद कप्तान स्मिथ ने हर ओवर में चौका जरूर लगाया।

रहाणे आईपीएल का 10वां अर्धशतक पूरा करने से चार रन से चूक गए जिन्हें नारायण की गेंदबाजी पर उथप्पा ने स्टम्प आउट किया।

धोनी ने 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर चावला को मिडविकेट में चौका जड़ा। इसके बाद अगले ओवर में कुलदीप यादव को छक्का लगाया। कुलदीप और उथप्पा ने मिलकर हालांकि 18वें ओवर में पुणे को दो झटके दिए। पहले धोनी का विकेट गिरा और फिर मनोज तिवारी भी पवेलियन लौट गए।

स्मिथ और क्रिस्टियन ने आखिरी दो ओवरों में 30 रन बनाए। इसमें क्रिस वोक्स को लगाए दो छक्के शामिल है जिससे पुणे 180 रन के पार पहुंचा।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.