पाकिस्तान ने भारतीय उप उच्चायुक्त को फिर किया तलब

Samachar Jagat | Thursday, 24 Nov 2016 03:12:57 AM
Pakistan summons Deputy Indian High Commissioner over LoC firing

इस्लामाबाद| पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर कथित तौर पर ‘संघर्ष विराम के बेवजह उल्लंघन’ को लेकर आज लगातार तीसरे दिन भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब किया और दावा किया कि भारतीय सैनिक रिहायशी इलाकों को ‘इरादतन’ निशाना बना रहे हैं।

पाकिस्तान विदेश विभाग ने एक बयान में कहा कि महानिदेशक दक्षिण एवं दक्षेस क्षेत्र मोहम्मद फैसल ने सिंह को तलब किया और भारतीय सैनिकों द्वारा बस को जानबूझकर निशाना बनाकर किए गए संघर्ष विराम के उल्लंघन की निंदा की।

पाकिस्तान का कहना है कि धुडनियाल सेक्टर में भारतीय सुरक्षा बलों की गोलीबारी में नौ आम शहरी मारे गए और एक घायल हो गया।

इस हफ्ते पाकिस्तान ने संघर्ष विराम के उल्लंघन को लेकर लगातार तीसरे दिन भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया है। सोमवार और मंगलवार को सिंह को तलब किया गया था।

इससे पहले दिन में पाकिस्तानी सेना ने कहा नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों के साथ गोलीबारी में कथित रूप से उसके तीन सैनिकों सहित सात लोग मारे गए जिसके साथ पिछले हफ्ते से इस तरह की घटनाओं में मरने वाले लोगों की संख्या 14 हो गई है।

नियंत्रण रेखा पर यह झड़प पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में तीन भारतीय सैनिकों के मारे जाने के बाद भारत के जवाबी कार्रवाई की चेतावनी देने के एक दिन बाद हुई।

दूसरी तरफ, पाकिस्तानी विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कई ट्वीट कर कहा कि भारतीय सैनिक के शव को क्षत-विक्षत करने की खबरों का मकसद पाकिस्तान की छवि धूमिल करना है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.