पाक ने एलओसी पर भारतीय चौकियों को ‘तबाह’ करने के दावे वाला वीडियो जारी किया, भारत ने बताया झूठा

Samachar Jagat | Monday, 05 Jun 2017 05:50:21 AM
Pakistan releases video of claim of 'destroying' Indian checkpoints on LOC, India has said false

इस्लामाबाद। पाकिस्तानी सेना ने एक वीडियो जारी किया जिसमें नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैन्य चौकियों की ‘‘तबाही’’ का दावा किया गया है। वहीं, भारतीय सेना ने पाकिस्तान के इस वीडियो को झूठा करार देते हुए इसे खारिज किया है। सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच दो हफ्तों में पाकिस्तानी सेना द्वारा जारी यह दूसरा वीडियो है। 

पाकिस्तानी सेना की, भारतीय पक्ष द्वारा ‘‘बिना उकसावे के संघर्ष विराम के उल्लंघन’’ पर जवाबी कार्रवाई में नियंत्रण रेखा के तत्ता पानी सेक्टर में पांच भारतीय सैनिकों को मार गिराने के दावे के एक दिन बाद 27 सेकंड का यह वीडियो जारी किया गया है। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने आज तडक़े ट्विटर पर यह वीडियो पोस्ट किया। वीडियो के साथ संक्षिप्त जानकारी में उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय पक्ष द्वारा निर्दोष नागरिकों पर बिना उकसावे के, की गयी गोलीबारी के जवाब में पाक सेना द्वारा नियंत्रण रेखा पर भारतीय पक्ष की तबाही दिखाती वीडियो क्लिप।’’ दो हफ्ते में यह दूसरा मौका है जब पाकिस्तानी सेना ने ऐसा वीडियो जारी किया है। 

इससे पहले 24 मई को भी उसने एक वीडियो जारी किया था जिसमें कथित तौर पर नियंत्रण रेखा पर भारतीय पक्ष को हुये भारी नुकसान को दिखाया गया था। इससे पहले भारतीय सेना ने एक वीडियो क्लिप जारी की थी जिसमें पाकिस्तानी चौकियों पर किये गये ‘‘दंडात्मक हमले’’ को दिखाया गया था। पाक सेना की मीडिया इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस आईएसपीआर ने कल दावा किया था कि उसने गोलीबारी में पांच भारतीय सैनिकों को मार गिराया और भारतीय बंकरों को तबाह कर दिया। पाकिस्तानी सेना द्वारा सीमा पार गोलीबारी के बारे में और कोई विवरण नहीं दिया गया।  वहीं, भारतीय सेना ने पाकिस्तान द्वारा प्रसारित किए जा रहे वीडियो को खारिज करते हुए इसे ‘‘झूठा एवं मनगढ़ंत’’ करार दिया।

भारतीय सेना ने पाकिस्तान के इस दावे को भी खारिज किया था कि कल नियंत्रण रेखा पर तत्ता पानी क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में पांच भारतीय सैनिक मारे गए। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान की गोलीबारी में भारतीय सेना का कोई जवान हताहत नहीं हुआ, सिर्फ एक महिला घायल हुई। गत 23 मई को भारतीय सेना ने एक वीडियो जारी कर नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी ठिकानों पर ‘‘दंडात्मक कार्रवाई’’ करने की बात कही थी। हालांकि पाकिस्तान ने नौशेरा सेक्टर में अपनी चौकियों के तबाह होने की बात को खारिज किया था। -(एजेंसी)



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.