आठ लाख करोड़ रुपये का नोटबंदी घोटाला : केजरीवाल

Samachar Jagat | Tuesday, 20 Dec 2016 06:29:57 AM
Notbandi lakh crore scam: Kejriwal

कनकोलिम (गोवा)। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आज दावा करते हुए कहा कि उच्च मूल्य के नोटों को बंद करना एक बड़ा घोटाला है और यह घोटाला आठ लाख करोड़ रुपये का है। 

केजरीवाल ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, मैं आप से देश को बचाने की भीख मांग रहा हूं। नोटबंदी के नाम पर बड़ा घोटाला किया गया है। देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई हैं। मैं गोवा के कई लोगों से मिला और लोग दुखी हैं, पर्यटन उद्योग नष्ट हो गया है, होटल खाली पड़े हैं, मत्स्य उद्योग की हालत खराब है।

लोगों को पर्याप्त रूपये नहीं मिल पा रहे हैं और उन्हें अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है। उद्योग बंद हो गए हैं, किसान खेती नहीं कर पा रहे है और देश की अर्थव्यवस्था गिरती जा रही है।

उन्होंने कहा,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आठ नवंबर की रात आठ बजे कहा था कि वह भ्रष्टाचार और कालेधन को खत्म करने के लिए यह काम कर रहे हैं। मैं आप से पूछता हूं, क्या भ्रष्टाचार एक प्रतिशत भी खत्म हुआ बल्कि यह और बढ़ा है। 

केजरीवाल ने कहा, पांच सौ और एक हजार रुपये के नोटों को बंद करने से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा। यदि आप एक लाख रूपये की रिश्वत लेना चाहते हैं तो आप को एक हजार रूपये के सौ नोट लेने होंगे। लेकिन अब तो मोदी जी ने और आसान कर दिया है। अब एक लाख रूपये की रिश्वत के लिए केवल आप को 50 नोट ही लेने होंगे। क्या भ्रष्टाचार खत्म हुआ। क्या रिश्वत रूकी। 

उन्होंने कहा, मोदी जी के पास एक फाइल है और यह फाइल फ्रांस से वर्ष 2011 में आई थी। इस फाइल में उन 648 लोगों के नाम हैं जिनके स्विस बैंक में खाते हैं। यदि मोदी जी भ्रष्टाचार और कालेधन को खत्म करना है तो उन्हें 648 लोगों को जेल भेजना होगा और इससे भ्रष्टाचार शाम तक खत्म हो जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नोटबंदी आठ लाख करोड़ रुपये का घोटाला है। उन्होंने कहा कि स्विस बैंक में जिन लोगों के खाते हैं उन लोगों के खिलाफ पहले कांग्रेस सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की और अब मोदी जी कोई कोर्रवाई नहीं कर रहे हैं। -(एजेंसी)



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.