मिशेल ओबामा के खिलाफ नस्ली टिप्पणी से विवाद

Samachar Jagat | Wednesday, 16 Nov 2016 02:52:33 AM
Michelle Obama 'ape in heels' post causes outrage

वॉशिंगटन। फेसबुक पर अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा के खिलाफ की गई नस्ली टिप्पणी से एक बड़ा विवाद शुरू हो गया। विवाद में वेस्ट वर्र्जीनिया प्रांत के एक शहर की मेयर और एक गैर लाभकारी संस्था की अधिकारी शामिल हैं।

क्ले काउंटी में एक स्थानीय गैर लाभकारी संस्था का संचालन करने वाली पामेला आर टेलर ने राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी को ‘‘लंगूर’’ कहा।

पामेला ने फेसबुक पर लिखे अपने पोस्ट में कहा, ‘‘व्हाइट हाउस में एक उत्तम दर्ज की, सुंदर, शालीन प्रथम महिला को देखना सुखद होगा। मैं उंची एड़ी के चप्पलों में एक लंगूर को देख देखकर थक गई हूं।’’

स्थानीय मेयर बेवरली वेलिंग ने इसका जवाब देते हुए लिखा ‘‘पैम तुमने मेरा दिन बना दिया।’’

बेवरली क्ले शहर की मेयर हैं जहां केवल 421 लोग रहते हैं। 2010 की जनगणना के अनुसार यहां कोई अफ्रीकी अमेरिकी नागरिक नहीं रहता। वहीं पूरे क्ले काउंटी की 9,000 लोगों की आबादी में से 98 प्रतिशत से अधिक श्वेत हैं।

52 साल की मिशेल के खिलाफ लिखे गए पोस्ट की खबर सबसे पहले स्थानीय समाचार चैनल डब्ल्यूएसएजेड3 ने दी।

विवादित पोस्ट अमेरिका और पूरी दुनिया की मीडिया में फैल गया और 85,000 से अधिक लोगों ने एक ऑनलाइन पेटीशन पर हस्ताक्षर कर दोनों महिलाओं को उनके पद से हटाने की मांग की।

द वाशिंगटन पोस्ट और न्यूयार्क डेली न्यूज अखबारों ने अपनी खबर में कहा कि पामेला को कल उनके पद से हटा दिया गया।

पामेला ने कहा कि उनका इरादा नस्ली टिप्पणी करना नहीं था और वह त्वचा के रंग को लेकर नहीं बल्कि केवल आकर्षण पर व्यक्तिगत राय बयां कर रही थीं।

वहीं मेयर बेवरली ने माफी मांगते हुए कहा कि उनका इरादा नस्ली टिप्पणी करने का नहीं था।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.