दुबई में भारतीय महिला ने पति से लड़ाई के बाद आत्महत्या की

Samachar Jagat | Thursday, 27 Apr 2017 09:53:10 PM
Indian woman committed suicide after husband's fight in Dubai

दुबई। अपने पति के साथ लड़ाई के बाद एक नवविवाहित भारतीय महिला ने यहां आत्महत्या कर ली। इसके बाद उसके पति ने कलाई की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

अल घुसैंस पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें गत गुरुवार को इलाके के एक फ्लैट में आत्महत्या की घटना की जानकारी मिली।

अल घुसैंस पुलिस थाने के उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल अब्दुल्ला अल हफीत ने कहा, ‘‘के के नाम की महिला की उम्र 27 साल थी और उसने छत के पंखे से कपड़े के सहारे लटककर खुद को फांसी लगा ली।’’

उन्होंने कहा कि महिला के पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गल्फ न्यूज की खबर के अनुसार दंपति केरल का रहने वाला है।

पुलिस ने अस्पताल में भर्ती युवक से पूछताछ की जिसनेे कहा कि दोनों में बहस हुई थी जिसके बाद उसकी पत्नी ने खुद को बेडरूम में बंद कर लिया। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया ताकि उसकी पत्नी शांत हो जाए।

लेकिन वापस लौटने पर घर का दरवाजा बंद था और जब उसने दरवाजा तोड़ा तो पत्नी का शव लटका पाया। उसने पत्नी को नीचे उतारकर प्राथमिक उपचार दिया।
पुलिस अधिकारी मेजर जनरल खलील इब्राहिम अल मंसौरी ने कहा कि पुलिस को फ्लैट के अंदर महिला द्वारा लिखा सुसाइड नोट मिला। दोनों की शादी को केवल तीन महीने हुए थे।

महिला ने लिखा, ‘‘मैं तुम्हें हमेशा के लिए छोडक़र चली जाऊंगी और तुम्हारी जिंदगी में दोबारा नहीं आऊंगी।’’

मंसौरी ने कहा, ‘‘यह आत्महत्या का मामला है और इसमें आपराधिक संदेह जैसा कुछ नहीं है।’’

उसके पति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी और महिला का शव केरल भेज दिया गया।

लेफ्टिनेंट कर्नल अल हफीत ने कहा, ‘‘उसकी हालत अब स्थिर है लेकिन उसे आत्महत्या की कोशिश करने के मामले में मुकदमे का सामना करना पड़ेगा।’’



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.