भारत में आतंकवादी हमलों की साजिश रचने के जुर्म में भारतीय को 15 वर्ष की जेल

Samachar Jagat | Thursday, 09 Mar 2017 12:30:41 AM
Indian prisoner for 15 years in jail for plotting terrorist attacks in India

न्यूयॉर्क। खालिस्तान आंदोलन को दस्तावेज तथा संसाधन मुहैया करवाकर भारत में आतंकी हमलों की साजिश रचने के लिए अमेरिका में 42 वर्षीय एक भारतीय नागरिक को 15 वर्ष की जेल की सजा सुनाई गई है।

नेवादा के अमेरिकी अटार्नी डैनियल बोगडेन और एफबीआई के लॉस वेगास डिवीजन के स्पेशल एजेंट इन चार्ज एरोन सी राउस ने कहा कि बलविंदर सिंह दो आतंकी समूहों का सदस्य था और उसने भारत सरकार को डराने-धमकाने तथा आतंकी समूहों का समर्थन नहीं करने वाले लोगों को नुकसान पहुंचाने के लिए उन्हें सामग्री उपलब्ध करवाई थी।

बोगडेन ने कहा कि रेनो में अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज लैरी हिक्स ने सिंह को कल 180 महीने की जेल की सजा सुनाई है।बोगडेन ने कहा, ‘‘यह अमेरिका और हमारे विदेशी सहयोगियों की आतंकवादी गतिविधियों से रक्षा करने के लिए कई कानून प्रवर्तन एजेंसियों के एक साथ मिलकर काम करने का एक उदाहरण है।’’ बलविंदर सिंह उर्फ झाजी या बलजीत सिंह भारतीय नागरिक है और अमेरिका का स्थायी निवासी है।

उसे पिछले वर्ष नवंबर में दोषी करार दिया गया था। अदालत के दस्तावेजों के मुताबिक पंजाब में पृथक सिख राष्ट्र बनाने के लिए खालिस्तान आंदोलन के तहत सिंह ने वर्ष 2013 में सितंबर से दिसंबर माह के बीच भारत में हमलों को अंजाम देने लिए आतंकवादियों का समर्थन करने की साजिश रची थी। सिंह सह-साजिशकर्ताओं से मुलाकात करने के लिए रेनो से कैलिफोर्निया भी गया था। -(एजेंसी)



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.