कैलिफोर्निया के दो मतदान केंद्रों के नजदीक हुई गोलीबारी में दो की मौत

Samachar Jagat | Wednesday, 09 Nov 2016 02:52:42 PM
California Two killed in firing near two polling stations

लॉस एंजिलिस। कैलिफोर्निया के दो मतदान केंद्रों के नजदीक हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गये। गोलीबारी की घटना के बाद दोनों मतदान केंद्रों पर लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। 

लॉस एंजिलिस काउंटी फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता, वनेसा लोजानो ने बताया कि गोलीबारी की घटना लॉस एंजिलिस से 40 किलोमीटर दूर अजुसा शहर में कल दोपहर को हुई। 

अजुसा के पुलिस प्रमुख स्टीव हंट ने संवाददाताओं को बताया कि तीन घायलों को अस्पातल में भर्ती कराया गया जबकि बंदूकधारी की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई थी।

लॉस एंजिलिस शेरिफ डिपार्टमेंट ने एक बयान में बताया, ‘‘घायल हुये एक व्यक्ति को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई और घायल हुई दो महिलाओं को भी एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।’’ घटना का पूरा विवरण अभी सामने नहीं आ पाया है। 

स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र के मतदान केंद्रों और इसके पास के स्कूलों में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। स्थानीय सरकारी अधिकारी डीन लोगोन ने मतदाताओं को मतदान करने के लिए अन्य मतदान केंद्रों पर जाने की सलाह दी है।                    -एजेंसी
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.