मेकअप से जुड़ी 11 बुरी आदतें जो हैं बहुत नुकसान वाली 

Samachar Jagat | Thursday, 30 Jun 2016 01:00:47
11 bad habits associated with make-up

अगर आपको मेकअप करने का शौक है तो जरूरी है कि आप मेकअप से जुड़ी कुछ बुरी आदतों से छुटकारा पा लें।
अपनी सुंदरता को बनाए रखने के लिए सभी महिलाएं मेकअप करती हैं, पर उनको ये नहीं पता होता कि मेकअप के दौरान वो कई ऐसे बुरी आदतों को भी अपना लेती हैं, जिनसे उनकी त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। उनको पता भी नहीं चल पाता कि उनकी सुंदरता के दुश्मन ब्यूटी प्रोडक्ट नहीं हैं, बल्कि उनके द्वारा की गई छोटी-छोटी गलतियां होती हैं, जिनसे उनकी त्वचा प्रभावित होती है। वो कौन सी बुरी आदतें हैं आइए जरा एक नजर डालें -

ज्यादा टोनिंग करना :-

अकसर महिलाएं टोनर का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करती हैं। उनको पता नहीं होता कि इसका प्रयोग कब और कैसे करना चाहिए ? टोनर के ज्यादा इस्तेमाल से त्वचा रूखी हो जाती है। टोनर का इस्तेमाल तब किया जाता है जब फेशियल क्लीन्जर पीएच को संतुलित नहीं कर पाते और त्वचा पर एसिड का अभाव रहता है। तब टोनर का प्रयोग पीएएच को संतुलित करने के लिए किया जाता है। वैसे भी बाजार में मौजूद क्लीन्जर में पीएच संतुलित करने के गुण मौजूद होते हैं, जिससे टोनर की जरूरत ही नहीं होती है।
अधिक एक्सफोलिएट का इस्तेमाल :-
  
 कई महिलाएं मेकअप से पहले एक्सफोलिएट यानी स्क्रब का इस्तेमाल करती हैं, क्योंकि इससे त्वचा साफ हो जाती है, रोमछिद्र खुल जाते हैं और त्वचा सांस लेने लगती है। इसके अलावा ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जिससे त्वचा जवां दिखने लगती है। पर रोजाना एक्सफोलिएट करने से त्वचा में जलन व परेशानी हो जाती है। इसलिए अपनी त्वचा के अनुरूप कभी-कभी इसका इस्तेमाल करें।


गंदे मेकअप ब्रश का प्रयोग :- 

मेकअप करने के बाद कई महिलाएं मेकअप ब्रश को बिना साफ किए रख देती हैं और अगली बार फिर उसी ब्रश का इस्तेमाल करती हैं। यहां तक कि कई महिलाओं को तो मेकअप ब्रश को साफ करने का तरीका ही नहीं मालूम होता है। उनको पता नहीं होता है कि उनकी इस आदत से उनकी त्वचा में कई तरह की बीमारियां पनपने लगती हैं क्योंकि ब्रश में पैदा हुए कीटाणु त्वचा में प्रवेश कर नुकसान पहुंचा सकते हैं।

अंदरूनी पलकों पर आई-लाइनर :-
 
अधिकतर महिलाएं अंदरूनी पलकों पर पेंसिल आईलाइनर लगाती हैं, पर उनको यह पता नहीं होता है कि आईलाइनर का इस्तेमाल आंखों की रोशनी के लिए नुकसानदायक है। आईलाइनर में वैक्स, ऑयल, सिलीकॉन, नैचुरल गम का उपयोग किया जाता है। जब यह आंखों की टियर फिल्म पर पहुंचता है तो आंखों में परेशानी होने लगती है। ड्राई आईज और सेंसिटिव आंखों वाली महिलाओं को अपनी अंदरूनी पलकों पर आईलाइनर लगाना सही नहीं है।

मेकअप प्रोडक्टस शेयर करना :-

मेकअप प्रोडक्ट्स शेयर करना कई महिलाओं की आदत होती है। फिर चाहे वो लिपस्टिक, काजल, आईलाइन जैसे ब्यूटी प्रोडक्ट क्यों ना हों। वो हर चीज को बहुत जल्दी शेयर करने लगती हैं, जोकि गलत है। दरअसल मेकअप प्रोडक्ट शेयर करने से इंफेक्शन होने का खतरा होता है। उदाहरण के तौर पर जैसे- काजल और आई लाइनर लगाने से कंजेक्टिवाइटिस का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए भूलकर भी मेकअप प्रोडक्ट किसी के साथ शेयर ना करें।

मेकअप हटाए बिना सो जाना :-
 

मेकअप करने में महिलाएं जितनी आगे होती हैं  उससे ज्यादा मेकअप हटाने में आलसी होती हैं। थकान और आलस के चलते कई बार बिना मेकअप हटाए ही सो जाती हैं, जिससे त्वचा से जुड़ी परेशानियां जैसे- वाइटहेड्स, ब्लैकहेड्स, एक्ने और ड्राई स्किन हो जाती है। इसलिए रात को मेकअप रिमूव जरूर करके सोएं क्योंकि हमारे शरीर के रोम छिद्रों से रात को टॉक्सिन बाहर निकलते हैं। त्वचा को ताजी हवा प्रदान करने के लिए भी मेकअप उतारना जरूरी है।

एक्सपायरी डेट को अनदेखा करना :- 
  
 कई बार देखने को मिलता है कि एक्सपायरी डेट होने के बाद भी महिलाएं मेकअप प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करती हैं, जो गलत होता है। दरअसल पुराने एक्सपायर्ड मेकअप प्रोडक्टस में कई तरह के बैक्टीरिया तथा विषैले तत्व होते हैं, जो आपकी त्वचा व लुक को बिगाड़ सकते हैं। इसलिए किसी भी मेकअप प्रोडक्ट को एक्सपायर्ड होने के बाद बिल्कुल भी इस्तेमाल ना करें। प्रोडक्टस पर दी गई बेस्ट बिफोर डेटस को ध्यान में रखकर ब्यूटी प्रोडक्टस का इस्तेमाल करें।
 
आईलैश एक्सटेंशन लगाना :-
 
 
पलकें लंबी व घनी दिखें, इसके लिए महिलाएं आईलैश एक्सटेंशन अपनाती हैं। पर उनको यह पता नहीं होता है कि ये आईलैश एक्सटेंशन नुकसान भी पहुंचा सकते हैं क्योंकि इसमें फॉर्मल्डिहाइड मौजूद होता है, जो आंखों को नुकसान पहुंचाता है।
 
आईलाइनर के बाद लैश कर्ल करना :-

कई महिलाएं आईलाइनर तो लगा लेती हैं पर उसको कर्ल बाद में करती हैं, जिससे लैशेज ठीक से कर्ल नहीं हो पातीं। इसलिए आंखों का मेकअप करते समय व लाइनर का इस्तेमाल करने से पहले लैशेज को कर्ल करें।

 मॉइश्चराइजर का ज्यादा इस्तेमाल करना :-

कहते हैं कि हर चीज की अति बहुत बुरी होती है उसी तरह से मॉइश्चराइजर का अधिक इस्तेमाल करना भी नुकसानदायक हो जाता है। बहुत सी महिलाएं जरूरत के बिना भी ढेर सारा मॉइश्चराइजर इस्तेमाल करती हैं, जोकि सही नहीं होता है। वैसे भी जिन महिलाओं की त्वचा ऑयली होती है उनको ज्यादा मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे एक्ने जैसी परेशानी पैदा हो जाती है।

नेल बफिंग कराना :-

नाखूनों की खूबसूरती व चमक को बनाए रखने कि लिए महिलाएं नेल बफिंग करवाती हैं, क्योंकि इसके इस्तेमाल से नाखूनों में एक अलग तरह की चमक आ जाती है। पर इसके ज्यादा इस्तेमाल करने से नाखून पतले हो जाते हैं। इसलिए अपनी जरूरत को ध्यान में रखते हुई नेल बफिंग करवाएं ताकि नाखूनों की वास्तविक चमक बनी रहे।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
रिलेटेड न्यूज़
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.