9 मार्च : बस एक क्लिक में पढ़िए, दिनभर की 10 बड़ी खबरें

Samachar Jagat | Thursday, 09 Mar 2017 05:05:44 PM
todays top ten news in hindi of national international politics sports bollywood crime 9 march

राजनाथ सिंह ने कहा, सैफुल्ला के पिता पर देश और सदन को हैं नाज

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण गुरुवार से शुरू हो गया। पहले दिन केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मध्यप्रदेश में हुए ट्रेन बम ब्लास्ट  और लखनऊ एनकाउंटर मामले पर अपना बयान दिया।

राजनाथ ने अपने बयान में विस्तार से बताया की यूपी एटीएस ने लखनऊ के एक घर में छिपे आतंकी को जिंदा पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आतंकी ने सरेंडर करने के इंकार कर दिया था। इसके बाद उसे एटीएस ने कार्रवाई करते हुए मार गिराया। 

राजनाथ ने कहा की इस पूरे घटनाक्रम में अब तक छह गिरफ्तारियां हो चुकी है। कार्रवाई में मारे गए संदिग्ध आतंकी सैफुल्ला के पिता सरताज का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पूरे देश और सदन को सरताज पर नाज है।

सरताज ने सैफुल्ला के शव को लेने से इंकार करते हुए कहा था कि जो देश का नहीं हुआ, वो मेरा क्या होगा।

बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ एनकाउंटर के लाइव अपडेट्स को लेकर खासे नाराज हैं। यूपी पुलिस की ओर से मीडिया में जिस तरह से ऑपरेशन के लाइव अपडेट दी जा रही थी, उस पर गृहमंत्रालय को कड़ी आपत्ति है।

 

दिल्ली पुलिस ने जारी किया अलर्ट, आतंकी हमलों के मद्देजनर बढ़ाई सुरक्षा

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने लखनऊ और मध्यप्रदेश में ट्रेन में ब्लास्ट के बाद राजधानी में अलर्ट जारी किया है। दरअसल दिल्ली पुलिस ने खुरासान गुट के दो फरार आतंकियों के दिल्ली की ओर आने का शक जताया है।

इसके बाद पहाड़गंज और उसके आसपास के होटलों में गहन चैकिंग की जा रही है। संसद भवन, मंदिरों और ऐतिहासिक इमारतों की पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। आतंकियों के पास विस्फोटक होने की भी संभावना जताई गई है।

पुलिस ने होली के त्योहार को देखते हुए धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक इमारतों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी हैै। आतंकी होली के दौरान गड़बड़ी फैला सकते हैं और इनका निशाना भीड़भाड़ वाली जगह हो सकती हैं।

ये संदिग्ध आतंकी बनारस और सारनाथ के धार्मिक स्थलों में हमला कर सकते है। सभी जगह सुरक्षा बढ़ाई गई हैं।

 

ट्रंप प्रशासन तले नई उंचाईयों को छुएंगे भारत-अमेरिका संबंध

 

झूठी शान बचाए रखने के लिए होती है पाक में हर साल 5 हजार महिलाओं की हत्या

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में घर की झूठी शान को बचाए रखने के मामले में हर साल करीब पांच हजार महिलाओं की हत्या कर दी जाती है। यह बात एक मानवाधिकारकर्मी के कहे जाने के बाद सामने आई है। 

मानवाधिकारकर्मी सरवर बारी ने के अनुसार औसतन हर साल 1442 मर्दों के मुकाबले 5000 औरतों का कत्ल होता है। जहां मर्दों की मौत प्राथमिक रूप से दहशतगर्दी से जुड़ी है, औरतों के कत्ल की घटनाएं ज्यादातर झूठी शान और सताए जाने के सामाजिक मुद्दों से जुड़ी हैं।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्वसंध्या पर ‘महिलाओं के लिए कार्यस्थल सुरक्षित करने’ पर आयोजित एक विमर्श कार्यशाला को संबोधित करते हुए बारी ने यह बात कही। 

उन्होंने कहा की पाकिस्तान अपने संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की दृष्टि से हट गया है। राजनीतिक दल महिला उन्मुखी कानूनों का विरोध करने वाले तथाकथित धार्मिक विद्वानों के खिलाफ खड़ा होने की कभी हिम्मत नहीं करते है।

 

इत्तेफाक की ओरिजिनल च्वाइस शत्रुघ्न सिन्हा थे : सोनाक्षी

मुंबई। बॉलीवुड की दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा का कहना है कि फिल्म इत्तेफाक की ओरिजिनल च्वाइस उनके पिता शत्रुध्न सिन्हा थे।

सोनाक्षी इन दिनों बी आर चोपड़ा की फिल्म ‘इत्तेफाक’ के रीमेक में काम कर रही हैं, जिसमें उनके साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा हैं। सोनाक्षी ने फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प राका खोला है। 

सोनाक्षी ने बताया कि इस फिल्म के लिए ओरिजिनल च्वाइस उनके पापा शत्रुघ्न सिन्हा था, लेकिन बाद में फिल्म राजेश खन्ना के पास चली गई थी, क्योंकि उनके पिता के पास उस समय डेट्स नहीं थीं।

सोनाक्षी ने कहा, मुझे लगता है कि काभदगी वहीं पर आ गई है। जब मैंने ये फिल्म (रीमेक) साइन की थी, उस समय तक मुझे इस बात का पता नहीं था कि डैड को फिल्म ऑफर हुई थी। मेरे पिता को खुशी है वो ये फिल्म कर रही हैं। जब उन्होंने इसके बारे में सुना तो वो खुश हो गए। ये जबर्दस्त किरदार है।                  वार्ता

 

महिला दिवस पर संयुक्त राष्ट्र में ऐश्वर्या का विशेष प्रदर्शन

संयुक्त राष्ट्र। अतंरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय भरतनाट्यम के लयबद्ध संगीत से गूंज उठा जब प्रख्यात भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना ऐश्वर्या आर धनुष ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। अपने नृत्य से उन्होंने नारीत्व का जश्न मनाते हुए लैंगिक समानता का संदेश दिया।

ऐश्वर्या भारत में यूएन वीमेंस एडवोकेट फॉर जेंडर इक्वेलिटी एंड वीमेंस एंपावरमेंट इन इंडिया हैं। उन्होंने कल शाम संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन द्वारा आयोजित विशेष महिला दिवस कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दी।

फिल्मकार और नृत्यांगना ने नृत्य के भगवान ‘नटराज’ या भगवान शिव की उपासना ‘भो शंभू’ के साथ अपनी प्रस्तुति की भव्य शुरआत की और इसके बाद अपने शानदार नृत्य से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।                  भाषा

 

खुद पर भरोसे से बना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर: कोहली 

बेंगलूरू। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने रिकॉर्ड तीसरी बार सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए पॉली उमरीगर अवार्ड जीतने के बाद कहा कि उनकी क्षमता पर हमेशा सवाल उठाए गए, लेकिन उन्हें खुद पर भरोसा था जिसकी वजह से वह सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बनकर उभरे हैं।

तीनों प्रारूपों में भारत की कप्तानी संभाल रहे विराट पहले भारतीय क्रिकेटर भी बन गए हैं जिसने तीन बार पॉली उमरीगर अवार्ड जीता है। यहां बुधवार रात आयोजित समारोह में विराट को बीसीसीआई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ऑफ द ईयर के पुरस्कार से नवाजा गया। उन्होंने साथ ही कहा कि वह हमेशा से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बनना चाहते थे और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।

विराट ने कहा मैं हमेशा से दुनिया का बेहतरीन क्रिकेटर बनना चाहता था। इसलिए मुझे पता है कि तीनों प्रारूपों में अच्छा खेलने के लिए क्या किए जाने की जरूरत है। विराट ने साथ ही आलोचकों को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि उनकी प्रतिभाओं पर लगातार सवाल उठाए गए, लेकिन उन्होंने इसकी परवाह नहीं करते हुए खेल पर अपना ध्यान केंद्रित रखा।

कप्तान ने कहा मेेरे कॅरियर में बहुत सारे लोगों ने संदेश किया और मेरे खेल पर भी लगातार सवाल उठाये गए। आज भी बहुत सारे लोग मुझे पसंद नहीं करते हैं, लेकिन मैंने इसके बावजूद खुद पर हमेशा भरोसा कायम रखा और इसने मुझे आगे बढऩे में मदद की। कोहली ने कहा कि मेरे दिल में हमेशा ही था कि अगर मैं अपनी जिंदगी में 120 प्रतिशत मेहनत करूं तो मुझे किसी को जवाब देने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 12 महीने सचमुच अविश्वसनीय रहे हैं। बतौर क्रिकेटर हर किसी के लिए एक साल शानदार रहता है। 2015 के अंत से शुरू होकर 2016 के अंत तक, शायद मैं इसे अपने कॅरियर का अद्भुत वर्ष कह सकता हूंं। इतनी कड़ी मेहनत, रोजाना की गई इतनी ट्रेनिंग, इतने सारे बलिदान, सब मिलकर शानदार रहे। साथी खिलाडिय़ों की मदद के बिना यह संभव नहीं हो सकता था।

 

सैमसंग ने लॉन्च किया अपना Galaxy C5 Pro एंड्राइड फ़ोन

साउथ कोरियाई स्मार्टफोन मेकर्स ने कल चीन में अपने सैमसंग गैलेक्सी C5 से पर्दा उठाया था। यह एक मिड रेंज स्मार्टफ़ोन है जो कई नए फीचर्स के साथ है। 

यह डिवाइस 5.2 इंच के फुल HD सुपर AMOLED डिस्प्ले को सपोर्ट करता है,और 1920x1080 रेसोलुशन पिक्सल्स को सपोर्ट करता है। इस डिवाइस की बॉडी एल्युमीनियम की है और यह 7mm थिन है ,इस फ़ोन का वजन 145g है।  

Galaxy C5 Pro के हार्डवेयर की बात की जाए तो यह Qualcomm’s Snapdragon 625 ओक्टा कोर प्रोसेसर द्वारा संचालित है,और 4 GB RAM के साथ है। इस फ़ोन की इंटरनल मैमोरी 64GB है जिसको माइक्रो SD कार्ड के माध्यम से 256GB तक एक्सपैंड किया जा सकता है। 

 फ़ोन की ऑप्टिक्स की बात की जाए तो इसका रियर कैमरा 16 मेगापिक्सल का है जो कि f/1.9 एपर्चर और LED फ़्लैश के साथ है,साथ ही साथ उसका फ्रंट कैमरा भी 16 मेगापिक्सल है,जो कि एक परफेक्ट सेल्फी लेने के लिए परफेक्ट कैमरा है।और दोनों ही कैमरा full-HD वीडियोज़ के साथ 30fps पर शूटिंग करने के लिए सक्षम है। 

ये एक 4G इनेबल डिवाइस है जो कि VoLTE के समर्थन के साथ है।डिवाइस  Android 7.0 Nougat पर रन करता है। यह डिवाइस 2600 mAh की बैटरी द्वारा संचालित है और कंपनी के दावों के अनुसार, 296 घंटों तक स्टैंडबाय टाइम प्रदान कर सकता है। डिवाइस में चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट का इस्तेमाल किया गया है। इस डिवाइस में एक होम बटन पर एक फिंगरप्रिंट स्कैनर भी है। 

सैमसंग गैलेक्सी की कीमत CNY 2,499 है जो कि लगभग 23,999 रुपए के बराबर है। यह डिवाइस अभी प्री आर्डर के माध्यम से चीन में सैमसंग की वेबसाइट पर उपलब्ध है,और यह लेक ब्लू,मैपल लीफ,पाउडर रोज आदि कलर्स में उपलब्ध है। और इस डिवाइस की शिपिंग 16 मार्च से शेड्यूल की जा सकेगी। 

लेकिन इस बात की अभी सुचना नहीं है कि यह भारतीय बाज़ार में कब उपलब्ध होगा। 

 

माल्या से सुप्रीम कोर्ट ने पूछा, सम्पत्ति का सही ब्योरा देंगे या नहीं

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने किंगफिशर एयरलाइंस के मुखिया विजय माल्या से गुरुवार को पूछा कि क्या वह अपनी संपत्ति की सही जानकारी देंगे या नहीं। न्यायालय ने स्टेट बैंक के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम की ओर से विजय मालया के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान यह सवाल पूछा।

कंसोर्टियम ने न्यायालय से ये भी अनुरोध किया था कि वे माल्या को डिएगो करार से मिले चार करोड़ डॉलर लेकर एक हफ्ते के भीतर भारत आने का आदेश दे। इससे पहले माल्या की याचिका पर न्यायालय ने बैंको को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। याचिका में माल्या ने अवमानना नोटिस को वापस लेने की मांग की है।

न्यायालय माल्या के खिलाफ कोर्ट की अवमानना के मामले की सुनवाई कर रहा है। कंसोर्टियम ने कोर्ट की अवमानना की याचिका दाखिल की है जिस पर न्यायालय ने माल्या को नोटिस जारी कर पूछा था कि क्यों न उनके खिलाफ अवमानना का मुकदमा चलाया जाए। बैंकों की याचिका में कहा गया है कि शीर्ष कोर्ट के आदेश पर माल्या ने सील कवर में संपत्ति का जो ब्योरा दिया, वे सही नहीं है।

साथ ही माल्या ने 2500 करोड़ रुपए नकद लेन देन का ब्योरा छिपाया है जो कोर्ट के आदेश की अवमानना है। न्यायालय के आदेश पर माल्या ने देश-विदेश में अपनी संपत्ति का ब्योरा दाखिल किया था। इससे पहले बैंकों का करीब 9000 करोड़ रुपए न चुकाने के मामले में  शीर्ष अदालत ने माल्या को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

 

27 अंकों की बढ़त के साथ 28,929 पर बंद हुआ सेंसेक्स

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार आज सधी चाल से कारोबार करता नजर आया। पांच राज्यों के करीब आते चुनाव नतीजों के बीच शेयर बाजार में आज सुस्ती छाई रही। घरेलू बाजार में बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 27 अंकों की बढ़त के साथ 28,929 के स्तर पर सपाट होकर बंद हुआ है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 3 अंक बढक़र 8,927 के स्तर पर सपाट होकर बंद हुआ है।

जबकि आज कारोबार के शुरूआत में एग्जिट पोल से पहले तेल एवं गैस, बिजली, स्वास्थ्य तथा सार्वजनिक उपक्रमों के शेयरों में सतत बिकवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज शुरूआती कारोबार में करीब 87 अंक की गिरावट के साथ खुला। 

नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 8,900 अंक के नीचे आ गया। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 86.92 अंक या 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 28,815.02 अंक पर खुला। इससे पहले, पिछले दो सत्रों में इसमें 146.25 अंक की गिरावट आ चुकी है।

एनएसई निफ्टी भी 24.80 अंक या 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,899.50 अंक पर खुला। कारोबारियों के अनुसार कमजोर वैश्विक रूख के बीच विधानसभा चुनावों के आज एग्जिट पोल के नतीजे आने से पहले निवेशकों ने बिकवाली की जिससे कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

बीएसई में जिन प्रमुख शेयरों में गिरावट आयी उसमें गेल, डा. रेड्डीज, पावर ग्रिड, ओएनजीसी, अडाणी पोट्र्स, विप्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एनटीपीसी शामिल हैं।

 



 
loading...
रिलेटेड न्यूज़
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.