UP: डकैतों ने मकान में की लूटपाट, महिला की धारदार हथियार से की हत्या

Samachar Jagat | Friday, 10 Mar 2017 01:01:06 PM
UP: Dacoits looted in the house, killing woman with sharp weapons

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा के थाना हाइवे क्षेत्र में बदमाशों ने लूट का विरोध कर रहे दम्पति पर धारदार हथियार से हमला कर घर में रखे लाखों रुपए की नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। इस हमले में महिला की मौके पर मृत्यु हो गई।

पुलिस के अनुसार द्वारकेशपुरम कॉलोनी निवासी बनवारी के निर्माणाधीन मकान में शुक्रवार रात 6 डकैतों ने धावा बोल दिया। घर में लूटपाट होने का वहां रह रहे दम्पति ने विरोध किया तो डकैतों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे बनवारी की पत्नी रविवाला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बनवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार बनवारी अपने मकान के कुछ हिस्से का निर्माण करा रहा थे। उन्होंने 18 वर्षीय बेटी राखी, 16 वर्षीय पुत्र राहुल और 13 वर्षीय बेटी दीपा को पड़ोसी मुन्ना के यहां सोने के लिए भेज दिया था और घर में केवल वह और उनकी पत्नी ही थे। बनवारी ने मकान निर्माण के लिए शुक्रवार को ही बैंक से तीन लाख रुपए निकलवाए थे।

पुलिस ने बताया कि सुबह जब बच्चे घर गए तो वहां अपने माता-पिता को खून से लथपथ पड़ा देखा। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पड़ौसी वहां आए और दोनों को अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बनवारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिश्तेदारों का कहना है कि बनवारी ने लगभग एक माह पहले अपनी जमीन 45 लाख रुपए में बेची थी संभवत: इसी जानकारी पर लूट की गई है। जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता अपने पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि डकैतों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी है।
वार्ता
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.