कैलाश सत्यार्थी का प्रशस्तिपत्र बरामद, घर से हुआ था चोरी

Samachar Jagat | Saturday, 11 Mar 2017 04:21:35 PM
Kailash Satyarthi's citation was recovered, stolen from home

नई दिल्ली। जाने-माने बाल अधिकार कार्यकर्ता एवं नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के घर से चोरी हुआ नोबेल पुरस्कार का प्रशस्तिपत्र बरामद कर लिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रशस्तिपत्र शुक्रवार की शाम को संगम विहार इलाके के पास के जंगल से बरामद किया गया है।

संभवत चोर इसे यहां फेंक गए थे। सात फरवरी को सत्यार्थी की गैरमौजूदगी में उनके दक्षिण पूर्व दिल्ली के कालकाजी स्थित मकान में सेंधमारी कर चोरों ने नोबेल पुरस्कार की प्रतिकृति और प्रशस्तिपत्र समेत कई कीमती सामान चुरा लिए थे। सत्यार्थी उस समय विदेश यात्रा पर गए हुए थे। पुलिस ने इस चोरी के मामले में 12 फरवरी को तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।

आरोपियों की पहचान राजन, सुनील और विनोद के रूप में की गई थी। उनके पास से नोबेल की प्रतिकृति और अन्य कीमती सामान तो उसी समय मिल गए थे लेकिन प्रशस्तिपत्र बरामद नहीं किया जा सका था। सत्यार्थी को वर्ष 2014 में नोबल शांति पुरस्कार मिला था।

उन्हें और पाकिस्तान की शिक्षा कार्यकर्ता मलाला यूसुफजेई को संयुक्त रूप से यह पुरस्कार दिया गया था। उन्होंने जनवरी 2015 में अपना नोबेल शांति पुरस्कार का असली मेडल राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को सौंप दिया था जो राष्ट्रपति भवन के संग्रहालय में रखा गया है।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.