भूस्खलन की वजह से दूसरे दिन भी राजमार्ग बंद

Samachar Jagat | Wednesday, 01 Mar 2017 09:49:27 AM
Highway closed for second day due to landslides

श्रीनगर। कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोडऩे वाले 300 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन की वजह से बुधवार को दूसरे दिन भी बंद रहा जिससे घाटी का संपर्क देश के अन्य हिस्सों से टूटा रहा। यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने यूनीवार्ता को बताया कि सोमवार की रात रामबन के माहर नाला क्षेत्र सहित कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ था और चट्टान गिरने की भी रिपोर्ट मिली जिसके बाद राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि आज दूसरे दिन भी कश्मीर राजमार्ग बंद रहेग। कश्मीर आने वाले सैंकड़ों वाहन राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए है। इनमें से कुछ वाहन ताजा सब्जी, मीट और अन्य वस्तुएं लेकर आ रहे थे। राजमार्ग के रखरखाव के लिए जिम्मेदार सीमा सडक़ संगठन (बीआरओ) ने राजमार्ग से भूस्खलन का मलबा हटाने के लिए अत्याधुनिक मशीनों को लगाया है।

राजमार्ग के दोनों तरफ बड़ी संख्या में वाहनों की कतारें खड़ी हैं। बीआरओ और राजमार्ग पर कई स्थानों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों से अनुमति नहीं मिलने तक श्रीनगर या जम्मू से किसी भी वाहन को आवागमन की इजाजत नहीं दी जाएगी। इस बीच शोपियां को राजौरी और पुंछ से जोडऩे वाला ऐतिहासिक मुगल रोड भारी हिमपात की वजह से गत महिने से बंद हैं।

लद्दाख क्षेत्र को कश्मीर से जोडऩे वाला राष्ट्रीय राजमार्ग भी पिछले माह से बंद है। उल्लेखनीय है कि गत छह जनवरी को पहली भारी बर्फबारी के बाद से भूस्खलन और सडक़ पर फिसलन होने की वजह से कश्मीर राजमार्ग पर यातायात बाधित है जिससे घाटी में जरूरी वस्तुओं की कमी हो गई है और उनके दाम भी बढ़ गए है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.